राजनांदगांव

19 पंचायतों के तुमड़ीबोड़ में जनसमस्या निवारण शिविर
21-May-2026 4:36 PM
19 पंचायतों के तुमड़ीबोड़ में जनसमस्या निवारण शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 मई।
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बुधवार को डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
ग्राम तुमड़ीबोड़ क्लस्टर अंतर्गत ग्राम पंचायत नाथूनवागांव, बोदेला, कोहका, ढाबा, ओड़ारबांध, जारवाही, बीजाभांठा, दीवानभेड़ी, पेण्डरवानी, मचानपार, धौराभांठा, बनभेड़ी, किरगी (ब), आरगांव, बांकल, खपरीकला, हरदी, कन्हारडबरी एवं तुमड़ीबोड़ सहित 19 ग्राम पंचायतों के लिए संयुक्त रूप से शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आमजनों की समस्याओं के निराकरण के साथ विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में कुल 1292 आवेदन प्राप्त हुए। विभागीय अधिकारियों द्वारा तत्काल निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही समाधान किया गया। शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, कृषि, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, खाद्य, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, वन, श्रम तथा पशुपालन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर शासकीय योजनाओं की जानकारी दी।  

कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा गर्भवती माताओं की गोदभराई कर पोषण किट प्रदान की गई। अतिथियों ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। शिविर में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ग्राम तुमड़ीबोड़, बीजाभांठा, धौराभांठा एवं कोहका के 25 मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 04 स्वच्छताग्राही दीदीयों को भी सम्मानित किया गया। सामाजिक सहायता पेंशन योजना के अंतर्गत 13 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से आवास की चाबी सौंपते प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार 18 हितग्राहियों को राशन कार्ड तथा 3 हितग्राहियों को जॉब कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में भरत वर्मा, किरण साहू, रंजीता पडौती, जागृति चुन्नी यदु,  जया साहू, ममता पटेल, सरिता साहू, दिनेश गांधी, भुनेश्वरी साहू, जागेश्वर यादव, तिमेश साहू,  कमल साहू,  रामकुमार गुप्ता, प्रेमप्रकाश शर्मा, श्रीकांत कोराम,  रोशनी भगत टोप्पो, कमलकिशोर साहू सहित 19 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट