राजनांदगांव

स्टेट स्कूल के शिविर में 74 आवेदन
16-May-2026 9:42 PM
स्टेट स्कूल के शिविर में 74 आवेदन

18 को कमला कॉलेज में शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 16 मई।  सुशासन तिहार 2026 अंतर्गत 1 मई से 10 जून 2026 तक शहरी क्लस्टरों में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर अंतर्गत शुक्रवार को वार्ड नं. 14, 15 व 24 के लिए स्टेट स्कूल मैदान में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में निगम सहित विभिन्न विभागों का स्टॉल लगाया गया, जहां नागरिकों की शिकायत एवं मांग संबंधी आवेदन लिया गया। शिविर में कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें मांग के 64 तथा शिकायत के 10 आवेदन आए। शिविर में शैंकी बग्गा, सतीश मसीह, प्रमोद झंझाडे, शिव वर्मा शामिल थे।

शिविर में प्रधानमंत्री स्व निधि योजनांतर्गत स्वीकृत ऋण के तहत तुषार गढ़ेवाल को सब्जी व्यवसाय के लिए आईडीबीआई बैंक के माध्यम से 25 हजार रुपए एवं सुनीता बंजारे को सिलाई कढ़ाई के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा से 15 हजार रुपए का ऋण पत्र प्रदान किया। साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कर नवजात शिशुओ का अन्नप्रासन्न कराया।

शिविर में नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि सुशासन तिहार अंतर्गत 4 मई से 10 जून तक तीन-चार वार्डों का क्लस्टर बनाकर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां सभी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी वार्डवासियों से उनकी मांग एवं शिकायत के संबंध में आवेदन ले रहे हैं। प्राप्त आवेदनों में राशन कार्ड, जन्म मृत्यु, निराश्रित पेंशन जैसे प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण किया जाएगा तथा पेयजल समस्या, निर्माण संबंधी कार्य का प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आवेदनों को ऑनलाईन प्रविष्टि कर उसका निराकरण भी ऑनलाइन करना है। जिससे आवेदक पोर्टर में अपने आवेदन की स्थिति देख सके। आगामी 18 मई को  वार्ड नं. 22, 44 व 45 के लिए कमला कॉलेज मैदान में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया है।


अन्य पोस्ट