राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई। शनिदेव जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के रानीसागर स्थित शनिदेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भक्तों ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शनिदेव को तेल अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर में पूरे दिन पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन चलता रहा। शनिदेव जन्मोत्सव को लेकर मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा और फूलों से सजाया गया है। सुबह से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर पूजा करने पहुंच रहे हैं। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने शनि दोष निवारण एवं जीवन में सुख-शांति की कामना करते दीप प्रज्वलित किए।
आयोजन समिति के राकेश ठाकुर ने बताया कि आज शाम 7 बजे से विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में शामिल होने और प्रसादी ग्रहण करने की अपील की है। मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।


