राजनांदगांव
महिलाओं ने की वट सावित्री की पूजा-अर्चना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई। पतियों की लंबी आयु की कामना के लिए शनिवार को सुहागिन महिलाओं ने कठिन व्रत रखकर वट सावित्री की पूजा-अर्चना की। वट सावित्री की आराधना के लिए नवविवाहित महिलाओं में उत्साह नजर आया। सुबह से ही नवविवाहित महिलाएं वट वृक्ष के समीप पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सदा-सुहागन रहने की मनोकामना लेकर वट वृक्ष में धागा बांधने की रस्म पूरी की। इससे पहले कतारबद्ध होकर सुहागिनें वट वृक्ष का फेरा लगाते नजर आई।
महिलाओं का कहना है कि दाम्पत्य जीवन में सुख-समृद्धि की कामना लेकर वट वृक्ष की पूजा की। परंपरागत रूप से महिलाओं ने कठिन व्रत रखा। पति की दीर्घायु होने की कामना लेकर महिलाएं निर्जला रही। शहर के अलग-अलग इलाकों में आज विवाहित महिलाओं ने सुबह से ही वट वृक्षों का फेरा लगाते मनोकामना स्वरूप धागा बांधा। साथ ही वट सावित्री की कथा श्रवण एवं पठन किया। पूजा-अर्चना पश्चात विवाहित महिलाएं पति को भोजन कराने के बाद व्रत पूर्ण किया। आज दिनभर वट वृक्ष के नीचे बड़ी संख्या में विवाहित महिलाओं की उपस्थिति बनी रही। इससे पूर्व पर्व को लेकर बाजार में पूजा-सामग्रियों के लिए दुकानें सजी रही, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं खरीदी करने पहुंचती रही। पूजा सामग्रियों के लिए बाजार में रही हलचल
शनिवार के दिन शनि जयंती और वट सावित्री पर्व के चलते शहर के बाजार क्षेत्र में सुबह से ही श्रद्धालुओं की हलचल तेज नजर आई। शहर के जयस्तंभ चौक में शुक्रवार को देर शाम तक जहां लोग पूजन सामग्रियों की खरीदी करते नजर आए। वहीं दूसरे दिन शनिवार को भी बाजार इलाके में पूजा सामग्रियों की दुकानें सजने से लोगों की भीड़ भी नजर आई। लोगों ने पूजन सामग्रियों के अलावा फलों की भी खरीदी करते नजर आए।


