राजनांदगांव
12 सालों में सोने के भाव हुए दोगुने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 मई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल का कम उपयोग और एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने की अपील को लेकर कांग्रेस ने प्रेसवार्ता आयोजित कर प्रधानमंत्री पर देश नहीं सम्हाल पाने का तंज कसा।
शुक्रवार को प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री अनिला भेडिय़ा ने कहा कि देश की जनता पिछले दो माह से पेट्रोल, डीजल और गैस के संकट से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है और उर्वरक नहीं मिलने से किसानों की उत्पादकता घट रही है। प्रधानमंत्री नागरिकों को वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह से फील्ड में काम करने वाले, गली-कूचों में घूम-घूमकर सामान बेचने वाले और फेरी लगाने वाले क्या करेंगे? उन्होंने कहा कि आज सोने का भाव 152130 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। 12 सालों में सोने पर 50 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पेट्रोल-डीजल की कमी के चलते जनता परेशान है। कमर्शियल गैस नहीं मिलने से राज्य के अधिकांश स्टील उद्योग बंद पड़े हैं। मोदी सरकार बनने के बाद पेट्रोल के दाम 70 रुपए प्रति लीटर से बढक़र 100 रुपए के पार हो गया है। जबकि डीजल 55 रुपए प्रति लीटर से बढक़र 95 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया। प्रेसवार्ता में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव, श्रीकिशन खंडेलवाल, कमलजीत सिंह पिंटू, रूपेश दुबे शामिल थे।


