राजनांदगांव
पीएम मोदी की अपील के बाद उठाया कदम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के बाद पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या को कम करने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण एवं संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर की गई अपील के समर्थन में श्री सिंह ने यह कदम उठाया है। राज्य में आला नेताओं ने वाहन कम करने की विधिवत घोषणा की है।
इस संबंध में पूर्व सांसद श्री सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि देशहित में की गई अपील का सभी समर्थन कर रहे हैं, इसलिए उन्होंने कारकेट की वाहनों की संख्या में कटौती की है। बताया जा रहा है कि वैश्विक ऊर्जा संकट की वजह से तेल और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी को देखते हुए राष्ट्रीय स्तर पर यह एक तरह से अपील कर पीएम ने लोगों से समर्थन मांगा है। बताया जा रहा है कि इस अपील को एक जन आंदोलन के रूप में लिया जा रहा है। पूर्व सांसद अभिषेक सिंह को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा है, इसलिए उन्होंने भी अपनी कारकेट में दौड़ रही वाहनों को अलग करने का फैसला किया है।
माना जा रहा है कि अत्यावश्यक वाहनों को ही श्री सिंह ने कारकेट में रखने की अफसरों को हिदायत दी है। उन्होंने आम लोगों से प्रधानमंत्री की अपील पर अमल करने का आग्रह किया है। राजनीतिक तौर पर इस मुद्दे को लेकर उठाए गए कदम के बाद प्रशासनिक अधिकारियों पर भी वाहनों के बेजा इस्तेमाल करने का दबाव बढ़ा है।
बताया जा रहा है कि राज्य सरकार की ओर से एक विशेष गाईड लाइन जारी कर अफसरों को भी संयमित तौर पर वाहनों के उपयोग करने के निर्देश जारी हो सकते हैं। सरकार जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहनों की दिशा में भी अहम फैसला ले सकती है। यानी आने वाले दिनों में वीवीआईपी और अफसरों के वाहनों में इलेक्ट्रॉनिक कार या अन्य चार पहिया वाहन सडक़ों में दौड़ती दिखाई देगी।


