राजनांदगांव

चार बड़ी चोरी, राजस्थान गिरोह का एक गिरफ्तार, 3 फरार
14-May-2026 2:59 PM
चार बड़ी चोरी, राजस्थान गिरोह का एक गिरफ्तार, 3 फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 14 मई। शहर के मध्य स्थित मानव मंदिर चौक समेत अन्य इलाकों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सिलसिलेवार चोरी करने की घटना में शामिल गिरोह को पुलिस ने धरदबोचा है। गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। अब भी तीन आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपी राजस्थान के अंतरराज्यीय शातिर चोरों में गिने जाते हैं। 4 बड़ी चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है।

एएसपी कीर्तन राठौर ने गुरुवार को पत्रकारवार्ता में 4 बड़ी चोरी की वारदातों का खुलासा करते बताया कि शहर की दुकानों में छत के रास्ते घुसकर लाखों की चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंची। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

उन्होंने बताया कि चोरी के मुख्य आरोपी को राजस्थान के बांसवाड़ा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।  पुलिस ने बताया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में रात्रि के समय दुकानों की छत के रास्ते अंदर प्रवेश कर गल्ले से नगदी एवं कीमती सामान चोरी किए जाने संबंधी शिकायतों पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 456/25, 478/25, 532/25 एवं 537/25 पंजीद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

 

यहां हुई थी चोरी की वारदात

पुलिस ने बताया कि शहर के महावीर चौक स्थित नंदलाल हार्डवेयर में 3-4 सितंबर 2025 की रात्रि गल्ले से 60 हजार नगदी चोरी, मानव मंदिर चौक स्थित गणेश मेडिकल स्टोर से 17-18 सितंबर 2025 की रात्रि  में 7 लाख की नगद चोरी, 17 से 19 सितंबर 2025 के मध्य नरेश वॉच से नगद 2 लाख 50 हजार रुपए नगद एवं 12-13 नग कीमती घडिय़ां तथा हमालपारा स्थित संगम साड़ी दुकान से 26-27 अगस्त 2025 की रात्रि नगद 3 लाख एवं एक पुरानी सोने की चेन सहित कुल 4 लाख रुपए की चोरी की गई थी।

 गिरोह का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के एक शातिर गिरोह की संलिप्तता सामने आई। जिसमें मुख्य आरोपी दिनेश चारपोटा 36 वर्ष निवासी बांसवाड़ा राजस्थान को गिररफ्तार किया गया है। जबकि तीन आरोपी हरिश उर्फ हरिया चरपोटा, परमेश उर्फ फन्टु चरपोटा और सुनील चरपोटा (सभी बांसवाड़ा राजस्थान) फरार हैं।


अन्य पोस्ट