राजनांदगांव

63 लाख के धान घोटाले का आरोप
14-May-2026 1:04 PM
 63 लाख के धान घोटाले का आरोप

जिपं सदस्य के पति-प्रबंधक समेत 3 पर मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 मई।
राजनांदगांव जिले के गैंदाटोला क्षेत्र के कुहीकला धान खरीदी केंद्र में 63 लाख रुपए के धान घोटाले की जांच के बाद पुलिस ने तीन लोगों के विरूद्ध अपराध दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले में मास्टर माइंड गैंदाटोला के मंडल महामंत्री व जिला पंचायत सदस्य के पति रामकुमार मंडावी व  समिति प्रबंधक समेत कम्प्यूटर आपरेटर के विरूद्ध वित्तीय घोटाले के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। यह मामला साल 2025-26 में हुए 56 हजार क्विंटल धान की खरीदी के दौरान हुई थी। पुलिस ने तीनों के विरूद्ध धोखाधड़ी के तहत जुर्म दर्ज किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कुहीकला सोसाइटी में धान खरीदी के बाद भंडारण का मिलान किया गया तो 2039 क्विंटल धान कम पाया गया। जिसकी कीमत  63 लाख 23 हजार रुपए आंकी गई है। बताया गया है कि खरीदी केंद्र में जब अधिकारियों ने धान खरीदी और भंडारण का भौतिक सत्यापन किया, तब बड़े पैमाने पर धान गायब मिला। इसकी जांच कर रहे अधिकारियों को समिति प्रबंधक ने सूखत का हवाला देकर धान कम होने गुमराह किया। सहकारिता विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया और मामले की जांच की। जिसमें पाया गया कि धान को सोसाइटी के प्राधिकृत अधिकारी व भाजपा नेता रामकुमार मंडावी व सोसाइटी के कम्प्यूटर आपरेटर धनेश्वर कंवर के खिलाफ गैंदाटोला थाना में धोखाधड़ी के तहत मामला दर्ज किया।   फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
गैंदाटोला थाना प्रभारी राजेश साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों के विरूद्ध धारा 316-5, 318-4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
इस मामले को लेकर भाजपा के भीतर अंदरूनी खींचतान भी शुरू हो गई है। गैंदाटोला क्षेत्र के भाजपा नेताओं का एक धड़ा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है। वहीं जिला मुख्यालय के प्रमुख नेताओं ने आरोपियों को पुलिस कार्रवाई से बचाने के लिए राजनीतिक दबाव भी बनाया हुआ है।


अन्य पोस्ट