राजनांदगांव

अनुशासन में रहकर खेलने से ही बढ़ते हैं खिलाड़ी-मधुसूदन
13-May-2026 3:51 PM
अनुशासन में रहकर खेलने से ही बढ़ते हैं खिलाड़ी-मधुसूदन

खेलो इंडिया सेंटर में जर्सी का अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 13 मई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राजनांदगांव में खेलो इंडिया सेंटर विगत 3 वर्षों से संचालित की जा रही है। जिसमें शासन द्वारा प्रशिक्षण  प्राप्त करने वाले बालक एवं बालिका हॉकी खिलाडिय़ों को वर्ष में दो बार प्लेयिंग किट का वितरण किया जाता है।

इसी कड़ी में मंगलवार को महापौर मधुसूदन यादव के मुख्य आतिथ्य तथा ए. एक्का सहायक निदेशक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, फिरोज अंसारी अध्यक्ष छत्तीसगढ़ हॉकी, पार्षद सावन वर्मा, पार्षद छोटेलाल रामटेके, पार्षद मनोहर यादव तथा जिला हॉकी संघ सचिव शिव नारायण धकेता, नीलम जैन, भूषण साव के विशिष्ट आतिथ्य में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर मधुसूदन यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार लगातार खेल को बढ़ाने का प्रयास कर रही है, बहुत जल्द ही अंतर्राष्ट्रीय हाकी स्टेडियम के इस एस्ट्रोटर्फ  को भी बदलने का कार्य करेगी।

उन्होंने खिलाडिय़ों  से अनुशासन में रहकर उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने हेतु आह्वान किया और शुभकामनाएं दी। श्री यादव ने हॉकी अध्यक्ष श्री अंसारी की मांग पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हाई मास्क लाइट लगवाने की घोषणा की।

नई जर्सी का अनावरण करते श्री यादव ने कहा कि जर्सी केवल टीम की पहचान नहीं, बल्कि खिलाडिय़ों के आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने खिलाडिय़ों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने अपने स्वागत भाषण में बताया शासन द्वारा खेलो इंडिया स्कीम के तहत  खेलो इंडिया लघु केंद्र संचालित किया जा रहा है जिसमें 75 बालक/बालिका प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे है। शासन द्वारा हर वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ी को कीट वितरण किया जाता है। इसके तहत  वरिष्ठ हॉकी खिलाडिय़ों की उपस्थिति में किट का वितरण किया जा रहा है। इसके पूर्व प्रात:काल में बालिका वर्ग के जर्सी का अनावरण छग राज्य युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार द्वारा किया गया।

उन्होंने कहा कि आज जिस जर्सी का अनावरण हुआ है, इसके रंग और डिजाइन में आपकी टीम का अनुशासन और जज्बा झलकता है, जब आप इस जर्सी को पहनकर मैदान में उतरेंगे, तो याद रखिएगा कि आप केवल अपना नहीं, बल्कि अपने टीम और उन तमाम लोगों की उम्मीदों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जो आप पर भरोसा करते हैं।

कार्यक्रम में नीलमचंद जैन, भूषण साव, छोटेलाल रामटेके, महेंद्र सिंग ठाकुर, प्रिंस भाटिया, गुणवंत पटेल, अनुराज श्रीवास्तव, चेतन भानुशाली, राजिक सोलंकी, परमजीत सिंह, समृति देवी, शकील अहमद, किशोर धीवर, जिम्मी साहू, दिग्विजय श्रीवास्तव, आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट