राजनांदगांव

ट्रक में घुसी बाइक माइंस कर्मी की मौत
12-May-2026 4:21 PM
ट्रक में घुसी बाइक  माइंस कर्मी की मौत

मोहला-मानपुर के खडग़ांव की घटना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 12 मई। मोहला-मानपुर जिले के खडग़ांव क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सडक़ हादसे में खदान के कर्मचारी की मौत हो गई। यह हादसा सुबह 11 बजे हुआ। सडक़ किनारे खड़ी ट्रक में खदान कर्मी की बाइक घुस गई। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक कमकासूर के रहने वाले 30 साल के सेवाराम कोरोटी पल्लेमाड़ी माइंस का कर्मचारी था। वह रोज की तरह रात्रिकालीन ड्यूटी कर सुबह बाइक से अपने घर लौट रहा था, तभी सडक़ के किनारे खड़ी ट्रक में उसकी बाइक घुस गई। हादसे में खदान कर्मचारी को गंभीर चोट पहुंची। इस वजह से उसने घटनास्थल में ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि ट्रक पिछले दो दिनों से सडक़ किनारे खराब हालत में खड़ी है। ट्रक चालक की ओर से किसी भी तरह का संकेतक, बेरिकेट या चेतावनी का बोर्ड नहीं लगाया। माना जा रहा है कि मृतक को ट्रक नजर नहीं आया और यह हादसा हो गया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज करने की मांग की है। वहीं खदान प्रबंधन से मुआवजा देने की भी मांग की है।

 क्षतिग्रस्त पुल से गिरे

युवक की मौत

मोहला-मानपुर जिले में एक और सडक़ हादसे में एक नौजवान युवक की जान चली गई। एक क्षतिग्रस्त पुल से बाइक समेत गिरने की घटना में युवक को जान गंवानी पड़ी। खनिज न्यास मद से निर्मित यह पुल  काफी समय से क्षतिग्रस्त है। मिली जानकारी के मुताबिक कोहका के रहने वाले बृजलाल बोगा अपनी बाइक से खरदी बाजार से रविवार शाम को घर लौट रहा था। इसी बीच क्षतिग्रस्त पुल की वजह से वह बाइक समेत नीचे गिर गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि लंबे समय से पदभर्री-जक्के के बीच यह पुल टूटे हालत में है। इसके निर्माण को लेकर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। क्षतिग्रस्त पुल से आखिरकार एक नौजवान को जान गंवानी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल काफी खतरनाक स्थिति में है। हर समय यहां से गुजरना खतरे से कम नहीं रह गया है। कई बार प्रशासन को पुल निर्माण की मांग की गई है, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।


अन्य पोस्ट