राजनांदगांव
19 लाख में 4 लाख माता-पिता को दिए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 मई। जिले के गैंदाटोला क्षेत्र के हैदलकोड़ो के रहने वाले सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल के एक मृत जवान के माता-पिता के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मृतक के साढू़ ने ही वित्तीय सहायता में मिली रकम में से एक बड़ा हिस्सा डकार लिया। बसंतपुर पुलिस ने शिकायत के बाद मृतक के साढू़ के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक हैदलकोड़ो के रहने वाले कोमल सिंह साहू का बेटा वरूण कुमार साहू सशस्त्र सीमा सुरक्षा बल में जम्मू कश्मीर में पदस्थ था। ड्यूटी के दौरान एक सडक़ हादसे में उसकी मौत हो गई। इस घटना के चलते जवान के परिजनों को वित्तीय सहायता के रूप में 19 लाख रुपए दिया गया। उक्त रकम जवान के माता-पिता के खाते में पहुंची। इसके बाद मृतक के साढू़ योगराज साहू ने स्थानीय एसबीआई के ब्रांच में रकम निकालने के लिए परिजनों को लेकर पहुंचा। मृतक के पिता कोमल साहू के खाते से 9 लाख और धनवंतीन के खाते से 6 लाख निकाल लिए। जिसमें उन्हें 4 लाख दिया और 11 लाख रुपए खुद रख लिया।
बताया जा रहा है कि मृतक को एसएसबी की ओर से एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता भी जल्द जारी होगी। इसके लिए मृतक के साढ़ू ने परिजनों को अधिकारियों को कमीशन देने के नाम पर 11 लाख रुपए रख लिए। इसके बाद वह अलग-अलग वजह बताकर रकम को डकार लिया। इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। इस संबंध में बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों के साथ धोखाधड़ी की जांच सही पाई गई है।