राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 मई। नव निर्माणाधीन आईटीआई बालिका छात्रावास में लगे खिडक़ी के सिल्वर धातु के स्लाइडर फ्रेम चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से कुछ सामान भी जब्त किए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ क्षेत्र के ग्राम जंतर निवासी प्रार्थी राकेश कुमार कंवर ने 9 मई को लालबाग थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था पेंड्री में गार्ड के पद पर कार्यरत है। नवनिर्माण छात्रावास भवन में लगी लगभग 60 स्लाइडर खिड़कियों में से कई खिड़कियां अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई थी। जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 70 हजार रुपए थी।
9 मई को रात्रि लगभग 10 बजे छात्रावास परिसर में निरीक्षण के दौरान 2 व्यक्ति को खिडक़ी चोरी करते देखा गया। जिनमें से एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया। जबकि दूसरा फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम व उम्र लगभग 18 वर्ष राजीव नगर निवासी बताया। आरोपी के कब्जे से एक बोरी में रखे एल्युमिनियम सेक्शन एवं खिडक़ी के कांच बरामद किए गए। बरामद सामानों की कीमती लगभग 20 हजार रुपए है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर 2 मई को भी आईटीआई बालिका छात्रावास परिसर पेंड्री से स्लाइडर खिड़कियां चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किए गए एल्युमिनियम सामान को बेचकर प्राप्त रकम आपस में बांटकर खर्च करना बताया गया। प्रकरण में थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 194/2026 धारा 305(ई), 3(5), 331(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में फरार अन्य आरोपी की पतासाजी एवं विवेचना कार्रवाई जारी है।


