राजनांदगांव

भारतमाता चौक के बिजली खंभे में लगी आग
11-May-2026 4:28 PM
भारतमाता चौक के बिजली  खंभे में लगी आग

5 घंटे भीषण गर्मी में लाइट बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 11 मई। शहर के अतिव्यस्तम व्यापारिक मार्ग भारतमाता चौक में रविवार दोपहर बाद एक बिजली खंभा आग की चपेट में आ गया। अचानक लगी आग से कहीं-कहीं स्पार्किंग भी होने लगी। जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कुछ देर के लिए खलबली मच गई। आग लगने की वजह से मार्ग की आवाजाही भी बाधित हुई।

बताया जा रहा है कि आग की चपेट में आने से बिजली खंभे का इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। वहीं आग से निजी टलीकॉम कंपनी के वायर और अन्य सामान भी जलकर नष्ट हो गए। आगजनी में पुलिस का सीसीटीवी कैमरा भी खाक हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक कड़ी दोपहर के बीच रविवार को जैन ज्वेलर्स के पास स्थित बिजली खंभे में आग की लपटे उठने लगी। इसके बाद बिजली भी गुल हो गई। बताया जा रहा है कि आसपास के व्यापारियों ने तत्काल विद्युत विभाग को घटना से अवगत कराया। 

विभाग का मैदानी अमला मौके पर पहुंचा। आग की लपटे देखकर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया, तब तक पूरे व्यापारिक इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बताया जा रहा है कि लंबे समय से तारों का नए सिरे से विद्युतीकरण नहीं किया गया है। शहर के व्यापारिक मार्गों की स्थिति इस कदर खराब है कि खंभों के तार आपस में उलझे हुए हैं। ऐसे में शार्ट-सर्किट के चलते यह आगजनी की घटना हुई है। विद्युत विभाग का अनुमान है कि शॉर्ट-सर्किट से आग लगी है। बहरहाल रविवार को घटना की वजह से व्यापारिक कामकाज सुस्त हो गया। व्यापारियो ंने विद्युत विभाग से पुख्ता इंतजाम करते तारों को दुरस्त करने की मांग की है।

 


अन्य पोस्ट