राजनांदगांव

युगांतर में कार्यशाला आयोजित
09-May-2026 4:57 PM
युगांतर में कार्यशाला आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 मई।
युगांतर पब्लिक स्कूल में हेल्थ फिटनेस, योगा और लाइफ स्टाइल हैबिट और कम्प्यूटर पर प्रभावी कार्यशाला हुई।
इस अवसर पर विद्यालय की फिजिकल एजुकेशन की शिक्षिका तथा योग प्रशिक्षक वंदना सिंह ने बताया कि योग हमारे जीवन को मन और शरीर दोनों से जीवन को सुंदर बनाता है। जीवन में नियमित रूप से योग को अपनाने से व्यक्ति लंबे समय तक सुखी निरोगी जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराने से पहले विभिन्न हाथ-पैर की गतिविधि द्वारा शरीर को स्ट्रेच कराया।

उन्होंने पर्वतासन, वृक्षासन, अर्धचक्रासन, सुखासन, शलभासन आदि आसनों को प्रमुखता के साथ अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि योग में सैकड़ों आसन है। हम इनमें से कुछ चयनित आसनों के अभ्यास से स्वास्थ्यवर्धक जीवन जी सकते हैं। उन्होंने सांस से जुड़े विविध प्राणायाम का अभ्यास कराया। इनमें अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका प्राणायाम प्रमुख रहे। उन्होंने योग के सात चक्रों को भी विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार में बारह योगासनों के अभ्यास से हम अपने सातों चक्रों को मजबूत कर सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने विविध थैरेपी की उपयोगिता दर्शाते बताया कि इसे अपनाने से हम उत्तम स्वास्थ्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस सन्दर्भ में उन्होंने क्लेपिंग तथा लॉफिंग थेरेपी की प्रभावी जानकारी दी।
इसी तारतम्य में कम्प्यूटर विभाग की अध्यक्ष अविनाश साहू ने शिक्षकों के लिए  कम्प्यूटर ज्ञान को अपडेट करने के लिए प्रभावी कार्यशाला संचालित की। उन्होंने बताया कि हम कम्प्यूटर में आने वाले अवांछित विज्ञापनों के कैसे रोक सकते हैं । इसके अलावा उन्होंने गूगल ड्राइव तथा गूगल शीट में कार्य करने के तरीके भी बताए। उन्होंने कार्यशाला की शुरूआत में सभी शिक्षकों से कम्प्यूटर को संचालित करने में आने वाली दिक्कतों को पूछा और फिर उसका उचित समाधान बताया। उन्होंने बताया कि कम्प्यूटर के क्षेत्र में निरंतर अपडेट होना समय की मांग है, इसके लिए हमें निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए। कार्यशाला के बाद गेट-टू-गेदर का प्रोग्राम भी रखा गया था। जिसमें सभी शिक्षकों ने संगीत, नृत्य और गायन कला को प्रस्तुत करके खूब वाहवाही बटोरी। इस आयोजन की सफलता में विद्यालय के प्राचार्य मधुसूदन नायर के मार्गदर्शन में रिंकी भारद्वाज और भावा रमेश ने अहम योगदान दिया।


अन्य पोस्ट