राजनांदगांव

माईनिंग अफसर बनकर अवैध वसूली
09-May-2026 4:32 PM
माईनिंग अफसर बनकर अवैध वसूली

एक महिला समेत 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 मई।  खुद को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताकर ट्रांसपोर्टर से अवैध वसूली करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते स्विफ्ट कार सहित तीन आरोपियों को पकड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार 7 मई को थाना डोंगरगांव में ग्राम दर्री निवासी प्रार्थी रामसिंह राजपूत ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि वह ट्रांसपोर्टिंग एवं जेसीबी कार्य का व्यवसाय करता है। प्रार्थी द्वारा ग्राम आमगांव स्थित किसान यशवंत साहू के खेत में जेसीबी एवं ट्रैक्टर के माध्यम से खेत मरम्मत एवं मिट्टी समतलीकरण का कार्य कराया जा रहा था। कार्य के दौरान दोपहर लगभग 2.58 बजे स्विफ्ट कार में सवार तीन व्यक्ति रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने स्वयं को माईनिंग विभाग का अधिकारी बताते प्रार्थी एवं उसके ड्राइवर तनुज कुमार को अवैध खनन करने का आरोप लगाकर डरा-धमकाया तथा कार्रवाई एवं बदनाम करने की धमकी देकर 10 हजार रुपए की मांग की। भयवश प्रार्थी द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से आरोपी के मोबाइल नंबर पर 6 हजार रुपए  ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया।

घटना की सूचना प्राप्त होने पर थाना डोंगरगांव पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते कुमरदा पेट्रोल पंप के पास उक्त स्विफ्ट वाहन में सवार तीनों संदिग्ध रवि शर्मा, रेहाना बेगम एवं शेख अरमान को पकड़ा गया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर रेहाना बेगम द्वारा खुद को पत्रकार बताया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध थाना डोंगरगांव में धारा 204, 308(2), 3(5) बीएनएस मे अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


अन्य पोस्ट