राजनांदगांव
राजनांदगांव, 7 मई। इग्नाइट स्कूल गंजपारा में बुधवार को केंद्रीय टीम द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने विद्यालय में विगत वर्षों में छात्रहित एवं शाला हित को ध्यान में रखते किए गए शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं नवाचारपूर्ण कार्यों का अवलोकन किया और उनकी प्रशंसा की। निरीक्षण के दौरान टीम ने विशेष रूप से विद्यार्थियों के नवोदय विद्यालय एवं सैनिक स्कूल में चयन, खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भागीदारी को सराहा। विद्यालय में संचालित स्टूडेंट हैंडबुक, बैगलेस डे, जुम्बा एवं व्यायाम, आर्ट एंड क्राफ्ट, शैक्षणिक भ्रमण एवं विद्यालय की प्रथम पत्रिका इग्नाइट जैसे प्रयासों को भी सराहनीय बताया गया। विद्यालय में विगत वर्षों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही है। इनमें प्रमुख रूप से फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता एवं कहानी गतिविधियां, आर्ट एंड क्राफ्ट (चार्ट एवं मॉडल निर्माण) तथा (कर के सीखो) गतिविधियां शामिल है। बैगलेस डे के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए जुम्बा, व्यायाम एवं रोचक गतिविधियों का आयोजन कर सीखने को आनंदमय बनाया जा रहा है।


