राजनांदगांव

भिलाई विधायक देवेन्द्र को देखकर फफक पड़ी फुलबासन
06-May-2026 3:58 PM
भिलाई विधायक देवेन्द्र को देखकर फफक पड़ी फुलबासन

अपहरण की घटना के बाद यादव पहुंचे मुलाकात के लिए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 6 मई।
भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव बुधवार को फुलबासन यादव से मुलाकात करने के बाद उनका कुशलक्षेम पूछा। चवेली स्थित श्रीमती यादव के फार्म हाउस में विधायक ने मंगलवार को अपहरण की कोशिश की घटना को लेकर विस्तृत जानकारी ली।

पद्मश्री फुलबासन का दो महिलाओं और दो पुरूषों ने मिलकर अपहरण की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया था। इस घटना को लेकर राज्य में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। इधर फुलबासन यादव का हालचाल जानने के लिए राजनीतिक-गैर राजनीतिक लोगों का उनसे भेंट-मुलाकात का सिलसिला चल रहा है। इसी कड़ी में भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव ने उनसे भेंट कर उनका हौसला बढ़ाया।
उन्होंने फुलबासन की तारीफ करते कहा कि अपहृताओं के चंगुल से बाहर निकलने के लिए उन्होंने अपने विवेक का इस्तेमाल किया और ट्रैफिक पुलिस की मदद ली। इस बीच श्रीमती यादव ने विधायक को घटना की संपूर्ण जानकारी दी। पूरे मामले में पुलिस की भूमिका भी उन्होंने तारीफ की।  श्रीमती यादव से मिलने वालों में खुज्जी की पूर्व विधायक  छन्नी साहू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार, विपिन यादव, जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र यादव, पूर्व महापौर हेमा देशमुख, राहुल तिवारी, मेहुल मारू, मानव देशमुख समेत अन्य लोग शामिल थे।

कांग्रेसियों ने विधायक का किया स्वागत
भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव का शहर पहुंचने पर कांग्रेसियों ने स्वागत किया। उन्हें फूल-माला से कांग्रेसियों ने लाद दिया। यादव ने स्वागत के दौरान स्थानीय कांग्रेसी नेताओं से व्यक्तिगत रूप से हालचाल पूछा और उन्होंने फुलबासन यादव के साथ अपहरण की कोशिश की घटना को लेकर जानकारी ली।


 


अन्य पोस्ट