राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई। शासकीय शौचालय के समीप पत्नी की टंगिया मारकर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार 4 मई को जिला पुलिस कंट्रोल रूम से लालबाग थाना को सूचना मिली कि ग्राम कविराज टोलागांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की टंगिया से हत्या कर दी गई है। उक्त सूचना पर थाना लालबाग पुलिस द्वारा तत्काल थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस स्टाफ मौके पर रवाना होकर सूचना की तस्दीक की गई। मौके पर सूचनाकर्ता राहुल पारधी की रिपोर्ट पर बिना नंबरी मर्ग क्रमांक 00/2026 धारा 194 बीएनएसएस पंजीबद्ध किया गया। जांच के दौरान प्रथम दृष्टया आरोपी रंजीत पारधी 38 वर्ष निवासी ग्राम कविराज टोलागांव का कृत्य धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर देहाती प्रथम सूचना पत्र बिना नंबरी 00/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी रंजीत पारधी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। जिसमें आरोपी द्वारा बताया गया कि उसका विवाह लगभग 12-13 वर्ष पूर्व पूर्णिमा पारधी से हुआ था एवं उसके तीन बच्चे हैं। पिछले 1 वर्ष से उसकी पत्नी उसे छोडक़र उसके चचेरे भाई सूरज पारधी की पत्नी बनकर रह रही थी, जो पारिवारिक विवाद एवं आपसी रंजिश के कारण 4 मई की सुबह उसकी पत्नी पूर्णिमा पारधी के शौच हेतु जाने के दौरान ग्राम के शासकीय शौचालय के पास आरोपी द्वारा अपने मोपेड में जाकर अपने पास रखे टंगिया से पूर्णिमा के सिर में वार कर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त टंगिया, मोपेड एवं घटना समय पहने कपड़े को विधिवत जब्त कर लिया गया है। मामले थाना में असल धारा 103(1) बीएनएस एवं असल मर्ग पंजीबद्ध कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।


