राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई। अवैध शराब बिक्री और परिवहन करने के अलग-अलग तीन मामलों में 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने करीब 12 हजार रुपए कीमत का शराब और परिवहन में प्रयुक्त दो मोटर साइकिल को जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 3 मई को खैरागढ़ थाना और चौकी जालबांधा की संयुक्त टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब बिक्री और परिवहन में संलिप्त 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पहले प्रकरण के बारे में पुलिस को मुखबिर की सूचना पर धैरमपुरा चौक के पास आरोपी अजय मोटवानी निवासी किल्लापारा खैरागढ़ को 20 नग गोवा प्लेन अंग्रेजी शराब अवैध रूप से बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध थाना खैरागढ़ में अपराध क्रमांक 186/2026 आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई चौकी जालबांधा द्वारा ग्राम पवनतरा में रेड कार्रवाई कर आरोपी सीताराम योगरे निवासी बिल्हरी को 25 नग गोवा प्लेन अंग्रेजी शराब अवैध रूप से बिक्री एवं परिवहन करते पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 187/2026 आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर शराब एवं मोटर साइकिल जब्त की गई।
वहीं तीसरा प्रकरण जालबांधा तिराहा में पिकेट लगाकर आरोपी तुषार पटेल एवं रोशन योगी दोनों निवासी दाउचौरा खैरागढ़ को 55 नग गोवा शराब अवैध रूप से परिवहन करते पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त कर अपराध क्रमांक 188/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।


