राजनांदगांव

प.बंगाल ने मुखर्जी को दी सच्ची श्रद्धांजलि - मधुसूदन
05-May-2026 4:03 PM
प.बंगाल ने मुखर्जी को दी सच्ची श्रद्धांजलि - मधुसूदन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 मई।
 पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी मेें भाजपा की जीत से प्रफुल्लित होकर महापौर मधुसूदन यादव ने पश्चिम बंगाल की जनता का  आभार व्यक्त करते उन्हें धन्यवाद प्रेषित किया है। महापौर ने इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ एवं उनकी पूरी टीम के अथक परिश्रम, निपुण रणनीति और गत वर्षों में  बंगाल की गली-गली में प्रचार-प्रसार करते घूम रहे संघ एवं भाजपा के सैकड़ों व अज्ञात कार्यकर्ताओं के परिश्रम एवं बलिदान को प्रणाम किया।

महापौर ने कहा कि कश्मीर को लेकर एक विधान, एक निशान, एक प्रधान की परिकल्पना को साकार करने के जिस उद्देश्य के लिए डॉ. मुखर्जी ने अपना बलिदान दिया, उनके उसी सपने को तोडऩे की तैयारी पश्चिम बंगाल में ममता दीदी कर रही थी, किन्तु धन्य है बंगाल की जनता, जिन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनाकर डॉ.  श्यामा प्रसाद मुखर्जी को सच्ची श्रद्धांजलि दी है।
उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत को कई मायनों में ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने में सफलता प्राप्त की है। भाजपा ने 2011 से पश्चिम बंगाल राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के अभेद्य किले को भेदकर एक ओर अपना दबदबा साबित किया है। वहीं दूसरी ओर केन्द्र में विपक्ष के सबसे दमदार चेहरे ममता बैनर्जी और उनकी पार्टी के राष्ट्रीय विस्तार एवं दावेदारी के सपनों को चकनाचूर कर दिया है। जिससे केन्द्र के विपक्षी इंडी गठबंधन को भी तगड़ा झटका लगा है।  उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता को एक सुनहरे भविष्य के लिए बधाई देते हुए दावा किया है कि अब पश्चिम बंगाल भी डबल इंजन की भाजपा सरकार में विकास एवं समृद्धि की नई विजय गाथा लिखेगा।


अन्य पोस्ट