राजनांदगांव

सफाई व्यवस्था प्रभावित, ठेकेदार को नोटिस, काली सूची में डालने की तैयारी
03-May-2026 4:11 PM
सफाई व्यवस्था प्रभावित, ठेकेदार को नोटिस, काली सूची में डालने की तैयारी

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 3 मई।
आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते नगर निगम का स्वास्थ्य अमला साफ-सफाई में जोर दे रहा है। महापौर एवं नगर निगम आयुक्त स्वयं वार्डों में जाकर सफाई का जायजा लेकर व्यवस्था में सुधार के निर्देश दे रहे हैं।  इस तारतम्य में ठेका वार्ड में सफाई कार्य बंद करने से सफाई व्यवस्था प्रभावित होने पर संबंधित महिला को आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने नोटिस जारी किया है।

नोटिस में आयुक्त ने कहा है कि भाग्य लक्ष्मी महिला स्व सहायता समूह कौरिनभाठा को निकाय अंतर्गत वार्ड नं. 32, 33, 35, 39, 40, 42 व 44 में सफाई कार्य का दायित्व सौंपा गया था, किन्तु इनके द्वारा वार्डों में सफाई कार्य बंद कर दिया गया। जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। वर्तमान में स्वच्छता सर्वेक्षण होना है। ऐसी स्थिति में वार्डों में सफाई कार्य प्रभावित हो रहा है। इसी प्रकार लखोली की महिला कृष्णा स्व सहायता समूह द्वारा भी वार्ड नं. 7, 16, 17 व 18 में भी सफाई कार्य बंद कर दिया गया।  उक्त दोनों महिला समूह द्वारा सफाई कार्य बंद किया जाना लापरवाही एवं अनुबंध शर्तों का उल्लंखन है।

समूहों के इस प्रकार के कृत्य से वार्डों में सफाई प्रभावित होने पर आयुक्त ने नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा है कि सफाई बंद करने पर संतोषप्रद जवाब नहीं देने की स्थिति में अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर समूह को काली सूची में अंकित किया जाएगा।


अन्य पोस्ट