राजनांदगांव

ट्राली में दबने से बालक की मौत
02-May-2026 12:55 PM
ट्राली में दबने से बालक की मौत

चालक-मालिक ने शव को दूसरे गांव में फेंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 2 मई।
जिले के छुरिया इलाके में एक लोमहर्षक घटना में ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दबकर एक बालक की मौत होने के बाद शव को दूसरे गांव में फेंकने का मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। 

टै्रक्टर चालक और मालिक ने हादसें को छुपाने की नियत से बालक के शव को दूसरे गांव के सरहद में फेंक दिया। बालक के लापता होने की खबर के बाद खोजबीन में शव लावारिश हालत में मिला। मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने मालिक और चालक को गिरफ्तार कर लिया है।  

मिली जानकारी के अनुसार मातखेड़ा का 13 साल का बालक भावेश मंडावी 30 अपै्रल को अचानक गायब हो गया। बालक के लापता होने के बाद अगले दिन सुबह शव दूसरे गांव के एक खेत में मिला। बताया जाता हैै कि बालक को अंतिम बार ट्रैक्टर चालक जसवंत के साथ देखा गया था। इसके बाद गैंदाटोला पुलिस ने चालक से सख्ती से पूछताछ की। जिसमें चालक ने बताया कि घटना की शाम को बालक उसके साथ ट्रैक्टर में सवार होकर मिट्टी खाली करने के लिए साथ में था। रात लगभग 10 बजे अचानक ट्राली के नीचे बालक दब गया। इस हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। 

इस घटना की जानकारी चालक ने मालिक को दी। दोनों ने मामले को दबाने की नियत से शव को दूसरे गांव के खेत में फेंक दिया। बताया जाता है कि बालक के गुम होने की खबर के बाद छुरिया और गैंदाटोला थाना प्रभारी ने संयुक्त रूप से खोजबीन शुरू की। कुछ ग्रामीणों ने बालक को चालक के साथ देखा था। इस आधार पर मामला सामने आया। इधर बेटे की मौत की खबर से माता-पिता और परिजन बेसुध हो गए है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व भी छुरिया इलाके में इसी तरह का एक मामला सामने आया था। उस दौरान भी एक बालक की ट्रेक्टर के नीचे दबने से मौत हुई थी। इस हादसे में भी चालक ने शव को अपने खेत में लाकर दफना दिया था।

 


अन्य पोस्ट