राजनांदगांव
राजनांदगांव, 1 मई। मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर दीपचंद आर्य के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 29 अप्रैल को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते एक व्यक्ति को त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान की गई।
निरीक्षक तरूणा साहू एवं प्रधान आरक्षक राजेन्द्र रायकवार आयोध्या स्पेशल ट्रेन के बंदोबस्त ड्यूटी में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान प्लेटफार्म पर एक व्यक्ति भीषण गर्मी के कारण अचानक चक्कर खाकर गिर गया, जिससे उसके पैर में चोट आ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी में तैनात स्टाफ ने तत्काल रेलवे के चिकित्सा विभाग को सूचित किया तथा मौके पर ही प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।
पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने अपना नाम प्रकाश साहू (26) निवासी कामना नगर नागपुर (महाराष्ट्र) बताया, जो जनरल टिकट लेकर इतवारी से राजनांदगांव तक यात्रा कर रहा था। स्टेशन पर उतरने के पश्चात अचानक चक्कर आने से वह गिर गया था। बाद में उसके परिजन स्टेशन पहुंचे, जिन्हें उक्त व्यक्ति को सुरक्षित रूप से सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों द्वारा रेलवे सुरक्षा बल की तत्परता एवं मानवीय सेवा भावना के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


