राजनांदगांव

एक सप्ताह में 1284 प्रकरणों का निराकरण
30-Apr-2026 4:06 PM
एक सप्ताह में 1284 प्रकरणों का निराकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अप्रैल।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में राजस्व प्रकरणों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के उद्देश्य से विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत विगत एक सप्ताह में कुल 1284 आवेदनों का अंतिम रूप से निराकरण करते आम नागरिकों को बड़ी राहत प्रदान की गई। अभियान के अंतर्गत अविवादित नामांतरण के 793, अविवादित खाता विभाजन के 134, विवादित नामांतरण के 66, विवादित खाता विभाजन के 27, सीमांकन के 122, व्यपवर्तन के 79, वृक्ष कटाई के 2 तथा त्रुटि सुधार के 61 प्रकरणों का निराकरण कर अंतिम आदेश जारी किया गया है।

कलेक्टर ने कहा कि जिन प्रकरणों में सुनवाई पूर्ण हो चुकी है, उनमें बिना विलंब अंतिम आदेश जारी किए जाएं। उन्होंने सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण शासन द्वारा निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राजस्व प्रकरणों के त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण से जनसामान्य को समय पर न्याय एवं आवश्यक राहत मिलती है, इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करते प्रगति की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निराकरण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी एवं परिणाममूलक बन सके।


अन्य पोस्ट