राजनांदगांव

विषाक्त भोजन खाने से दो दर्जन बीमार
30-Apr-2026 3:03 PM
विषाक्त भोजन खाने  से दो दर्जन बीमार

शादी के भोजन से बिगड़ी तबीयत, स्थिति काबू में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 30 अप्रैल। सोमनी क्षेत्र के फुलझर में दो दिन पहले एक शादी समारोह में परोसे गए भोजन खाने से दो दर्जन लोग बीमार हो गए। विषाक्त भोजन का शिकार हुए लोगों में महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा खानपान का सैम्पल लिया गया है। विभाग की ओर से फुडपाईजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक 28 अप्रैल को फुलझर  क्षेत्र के एक शादी समारोह में ग्रामीणों ने रात्रिकालीन भोज किया। खाने में चावल-दाल के साथ पुड़ी और कुम्हड़े की सब्जी परोसी गई थी। खाना खाने के कुछ घंटों के बाद अचानक ग्रामीणों को उल्टी के साथ पेट दर्द की शिकायत होने लगी। थोड़ी देर में वहां की स्थिति बिगड़ती चली गई।

बताया जा रहा है कि भोजन खाने के बाद 25 से ज्यादा लोगों की सेहत खराब हो गई। फिर सभी को सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान ज्यादातर लोगों की स्थिति में सुधार आया, लेकिन 5 लोगों की स्थिति बिगड़ गई। इस बीच स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने सभी के सेहत की जांच की। जांच के बाद 29 अप्रैल को ज्यादातर लोगों को छुट्टी दे दी गई। इस संबंध में सीएमएचओ डॉ. नेतराम नवरतन ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि गांव में विशेष टीम सभी की जांच कर रही है। स्थिति नियंत्रण में है। एक विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों को दवाईयों का वितरण के साथ-साथ विषाक्त भोजन से बचने की सलाह दी गई।


अन्य पोस्ट