राजनांदगांव
3 विषयों पर चर्चा के लिए बुलाए सामान्य सभा में विपक्षी भडक़े
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 अप्रैल। राजनांदगांव नगर निगम में गुरुवार को 3 विषयों पर चर्चा करने के लिए बुलाए गए विशेष सम्मेलन को लेकर विपक्षी पार्षदों ने सत्ताधारी दल पर मनमर्जी थोपने का आरोप लगाया।
विपक्षी पार्षदों का कहना है कि बिना सूचना विशेष सम्मेलन बुलाया गया है, यह पूरी तरह से अलोकतांत्रिक है। इस मामले को लेकर विपक्षी पार्षदों ने आसंदी के समक्ष आपत्ति जताते हंगामा किया। नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले और वरिष्ठ पार्षद हफीज खान ने पूरे मामले में जानना चाहा कि ऐसी क्या वजह हो गई कि विपक्ष को बिना विश्वास में लिए सत्तारूढ़ दल को विशेष सम्मेलन बुलाना पड़ा।
काफी देर तक इस मामले में विपक्ष और पक्ष के बीच कहा-सुनी हुई। सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। इधर तीन विषयों में लोक सेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन के आवेदन की स्वीकृति, वर्ष 2026-27 में निगम सीमा क्षेत्र में संपत्तिकर की दरों में एमआईसी द्वारा संशोधित दर पर करने की स्वीकृति और महिला सशक्तिकरण के जनजागरूकता अभियान को लेकर चर्चा शुरू हुई। विपक्ष संपत्ति कर को लेकर सत्तापक्ष को घेरते रहा। बताया जा रहा है कि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने महिला सशक्तिकरण के लिए टाउनहाल बैठकों, नारी शक्ति वंदन सम्मेलनों और रोड-शो के आयोजन के लिए सभी निकायों को निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव नगर निगम में एक विशेष सम्मेलन इसी उद्देश्य से आहूत की गई है। जिसमें महिलाओं के अधिकारों, आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की जानी है। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक नगर निगम में विशेष सम्मेलन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच रोकटोक और वाद-विवाद की स्थिति नजर आई।


