राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 अप्रैल। डोंगरगढ़ के ग्राम रामाटोला में डीजे में डांस करने के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर हुए विवाद और धारदार हथियार से वार करने के मामले में पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध धारा 103(1), 109 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ के रामाटोला निवासी प्रार्थी मंगलेश सिन्हा ने डोंगरगढ़ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि 26 अप्रैल को ग्राम रामाटोला में ग्राम सांकरा खैरागढ़ से बारात आई थी। रात्रि लगभग 8.15 बजे बारात गांव में भ्रमण कर रही थी। जिसमें डीजे पर बाराती और गांव के लोग डांस कर रहे थे। इसी दौरान योनिश सिन्हा और विधि से संघर्षरत बालक के बीच पुरानी रंजिश को लेकर धक्का-मुक्की और वाद-विवाद हुआ। विवाद के दौरान अपचारी बालक ने आरोपी कृपाला वर्मा द्वारा दिए गए धारदार हथियार से योनिश सिन्हा पर वार किया। जिससे उसे गंभीर चोटें आई, जिसे परिजनों एवं गांव वालों द्वारा घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए रेमन देवांगन एवं युवराज यादव पर भी अपचारी ने हमला किया, जिस पर उनको भी चोटें आई । उक्त घटना की रिपोर्ट पर धारा 103(1), 109 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।


