राजनांदगांव

​भाजयुमो महामंत्री की कैंटीन संचालक ने की पिटाई
29-Apr-2026 4:11 PM
​भाजयुमो महामंत्री की कैंटीन संचालक ने की पिटाई

संचालक ने भी लगाया महामंत्री पर मारपीट का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 अप्रैल। स्थानीय दिग्विजय महाविद्यालय में कॉलेज कैंटीन संचालक और भाजयुमो के दक्षिण महामंत्री के साथ मारपीट  का मामला सामने आया है।

हाल ही में भाजयुमो के महामंत्री बने आशीष सोरी ने कैंटीन संचालक पर साथियों के साथ मिलकर पिटाई करने का आरोप लगाया है। राजनीतिक रूप से मामला का तूल पकडऩे के साथ कैंटीन संचालक ने भी महामंत्री पर हाथापाई करने का आरोप लगाया है। इस घटना को लेकर बसंतपुर पुलिस जांच कर रही है। सोशल मीडिया में महामंत्री को पीटने का मामले की तस्वीरें तेजी से वायरल हुई है। वहीं कैंटीन संचालक ने भी कॉलेज प्राचार्य पर महामंत्री के विरूद्ध शिकायत की है।

मिली जानकारी के अनुसार दिग्विजय कॉलेज के कैम्पस स्थित कैंटीन में मंगलवार दोपहर को भाजयुमो दक्षिण मंडल के महामंत्री आशीष सोरी की पिटाई कर दी गई। इस घटना में सिर पर गंभीर चोटे आई है। भाजयुमो महामंत्री को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को लगभग दोपहर 2 बजे आशीष सोरी दिग्विजय कॉलेज के कैंटीन में बैठे हुए थे। उसी दौरान कैंटीन संचालक किरण साहू से उसका विवाद इस बात को लेकर हुआ कि भाजयुमो महामंत्री को वहां से जाने कहा जा रहा था। बात इतनी बड़ी कि कैंटीन संचालक ने अपने साथियों के साथ जमकर पिटाई कर दी। इस काण उनके सिर में चोटे आई है। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दोनों पक्षों की शिकायत पर बसंतपुर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। सूत्रों का कहना है कि कैंटीन संचालक ने एक युवक के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत कॉलेज के प्राचार्य के पास दर्ज कराई है। बसंतपुर थाना में भी मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि बसंतपुर थाना में दोनों पक्षों की शिकायत पहुंची है। पुलिस जांच उपरांत दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग धाराओं में कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट