राजनांदगांव
नांदगांव कांग्रेस जिलाध्यक्ष का दावा सभी सीटों पर मिलेगी जीत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अप्रैल। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विपिन यादव ने अगली बार राज्य में कांग्रेस सरकार बनने का दावा किया है। उनका कहना है कि प्रदेश में विष्णुदेव साय सरकार का जनता को लेकर विजन साफ नही है। मुख्यमंत्री और भाजपा नेता सत्ता में चूर है। इस वजह से विकास की बुनियाद कमजोर दिख रही है।
श्री यादव ने ‘छत्तीसगढ़’ से संक्षिप्त चर्चा में कहा कि ढ़ाई साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस जमीनी रूपरेखा बनाने के लिए जुट गई है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष होने के नाते उनका प्रयास है कि जिले की सभी सीटों में कांग्रेस को जीत मिले। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के वादें कोरे और बेबुनियादी है। रोजगार को लेकर युवाओं में निराशा का माहौल है। महतारी वंदन योजना में भी केवाईसी की आड़ में पात्र महिलाओं को अपात्र बनाने की साजिश की रची जा रही है। राजनांदगांव जिले में कांग्रेस के भीतर व्याप्त गुटबाजी को लेकर यादव ने कहा कि संगठन सृजन के जरिए उन्हें पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता से सीधे अध्यक्ष बनाया। यानी कांग्रेस में यदि गुटबाजी होती तो वह अध्यक्ष नही बनते। यादव ने कहा कि संगठन के निर्देशों का हर कार्यकर्ता पालन कर रहा है। वह अनुभवी, वरिष्ठ-कनिष्ठ सभी कार्यकर्ताओं को लेकर साथ चल रहे है। पार्टी में गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं है।


