राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 26 अप्रैल। शहर के वार्ड क्र. 39 हीरामोती वार्ड में शनिवार को स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डस्टबिन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पार्षद रवि सिन्हा के नेतृत्व में वरिष्ठजनों एवं बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
पार्षद रवि सिन्हा ने हरे एवं नीले डस्टबिन के महत्व को विस्तार से समझाते नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि हरे डस्टबिन का उपयोग गीले कचरे तथा नीले डस्टबिन का उपयोग सूखे कचरे के लिए किया जाना चाहिए। पार्षद ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग मिलकर संकल्प लें, तो हमारा वार्ड स्वच्छता के क्षेत्र में एक आदर्श बन सकता है।
शिवनारायण पटेल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करते हैं और इससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है। भुवन पटेल ने कहा कि यदि हर परिवार गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना शुरू कर दें तो वार्ड में गंदगी की समस्या स्वत: कम हो जाएगी। संजय चौरसिया, अजय श्रीवास्तव एवं रितेश देवांगन ने भी अपने विचार रखे।


