राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अप्रैल। खैरागढ़ जिले के मुढ़ीपार में एक शादी समारोह में बारातियों के साथ मारपीट और चाकूबाजी की घटना में शामिल आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। खैरागढ़ पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बारातियों पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जिसमें कुछ बाराती जख्मी हुए थे। आधा दर्जन आरोपियों में 3 नाबालिग भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ क्षेत्र के ढ़ारा निवासी प्रार्थी कमलेश वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 22 अप्रैल को गांव के देवेन्द्र वर्मा की शादी-बारात में ग्राम मुढ़ीपार आए थे। रात्रि लगभग 9 बजे डीजे में बाराती नाचते हुए दुल्हन के घर के पास बाजार चौक प्रधानपाठ मेन रोड पहुंचे थे, तभी एक मोटर साइकिल में 3 युवक मुढ़ीपार बस्ती की ओर से आए और साईड दो-साईड दो कहते हुए अश्लील गाली-गलौज करने लगे। बारातियों द्वारा मना करने पर वाद-विवाद करने लगे।
प्रार्थी अपने दोस्तों राजा वर्मा एवं महेन्द्र वर्मा के साथ समझाने पहुंचे, जिस पर आरोपी गाली-गलौज करते विवाद कर वापस चले गए। लगभग एक घंटे बाद वही तीनों युवक अन्य के साथ पुन: आए और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव करने पहुंचे राजा वर्मा पर एक आरोपी ने चाकू से पेट में वार कर गंभीर चोंट पहुंचाया। प्रार्थी कमलेश वर्मा पर भी चाकू से वार कर हाथ एवं सिर में चंोट पहुंचाई गई। बारातियों के हल्ला करने पर आरोपी पीछे हट गए, लेकिन घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन निकालते समय आरोपी पुन: पहुंचे और लोहे की रॉड से स्कार्पियो वाहन के सामने का कांच तोडक़र क्षति पहुंचाई। रिपोर्ट पर थाना गातापार में धारा 296, 115(2), 351(3), 109, 324(5), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी गुलशन सिन्हा से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोटर साइकिल जब्त की गई। प्रकरण में आरोपी के रूप में गुलशन सिन्हा 20 वर्ष, पुनम सिन्हा 23 वर्ष एवं जग्गु निषाद 19 वर्ष सभी निवासी ग्राम मुढ़ीपार को गिरफ्तार किया गया। साथ ही प्रकरण में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की सामाजिक पृष्ठिभूमि रिपोर्ट तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया। प्रकरण में विवेचना कार्रवाई जारी है।


