राजनांदगांव

चचेरे भाई ने मृतका को जीवित बताकर हड़पी जमीन
23-Apr-2026 5:13 PM
चचेरे भाई ने मृतका को जीवित बताकर हड़पी जमीन

बहनों की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अप्रैल।
सुकुलदैहान इलाके में एक जमीन मसले पर दो बहनों की शिकायत के बाद पुलिस ने चचेरे भाई एवं अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत जुर्म दर्ज किया है। बहनों ने अपने चचेरे भाई पर कुछ लोगों के साथ मिलकर मृतका को जीवित बताकर जमीन हड़पने की पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बागतराई गांव की दो बहनों अंजूबाई और मंजू ने अपने चचेरे भाई सचिन राजपूत पर गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर पुश्तैनी जमीन हड़पने साजिश रचने की पुलिस से शिकायत की थी। बहनों का आरोप है कि भाई ने जमीन को हथियाने के इरादे से उनकी मृत माता त्रिवेणीबाई को जीवित बताया। बीते साल 14 मई को एक फर्जी हक-त्याग विलेख पंजीकृत कराया। इस साजिश में फर्जी आधार कार्ड, फोटो और हस्ताक्षरों का सहारा लिया गया।  इसके बाद इस साल 12 जनवरी को जमीन को तीसरे पक्ष को बेच दी। पुलिस जांच में शिकायत सही पाया गया। जिसमें आरोपियों ने कूटरचना करते जमीन को बेच दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4), 338, 336 (3), 340 (2) और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फरियादियों ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने की भी पुलिस से शिकायत की है। पुलिस से पीडि़तों ने उचित कार्रवाई कर पुश्तैनी जमीन पर हक दिलाने की गुजारिश की है।


अन्य पोस्ट