राजनांदगांव

33 कैमरों से नांदगांव स्टेशन की निगरानी
22-Apr-2026 2:59 PM
33 कैमरों से नांदगांव स्टेशन की निगरानी

 रेलवे स्टेशन का हर कोना कैमरे की जद में
‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
राजनांदगांव, 22 अप्रैल।
आधुनिकीकरण के साथ राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन पर तकनीकी सुरक्षा के जरिए कड़ी निगरानी की जा रही है। डिजिटली सुरक्षा पर जोर देते रेल्वे ने समूचे स्टेशन को कैमरों से लैस कर दिया है। स्टेशन के अंदरूनी और बाहरी गतिविधियों पर कैमरों से आसानी से निगरानी की जा रही है।

नांदगांव रेल्वे स्टेशन में रेल्वे प्रशासन को 70 से ज्यादा कैमरें लगाने की तैयारी है। पहले चरण में स्टेशन परिसर में 33 कैमरें लगाए गए है।  मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन में तीन दर्जन कैमरों से स्टेशन के हर गतिविधि पर सीधी नजर रखी जा रही है। आरपीएफ के कक्ष में दो बड़े स्क्रीन में सीसीटीवी के माध्यम से स्टेशन के कोना-कोना की गतिविधि कैद की जा रही है।
बताया जाता है कि रेल्वे प्रबंधन ने पूरे स्टेशन में 70 कैमरे लगाने की योजना बनाई  है। शुरूआती दौर में स्टेशन का लगभग हर हिस्सा कैमरों के कैद हो रहा है। आरपीएफ के जवान स्क्रीन में हर तरह की गतिविधि पर नजर रखकर सुरक्षा बंदोबस्त को सशक्त बना रहे है। बताया जाता है कि स्टेशन के सभी प्लेटफार्म में होने वाली हलचल पर जवानों की पैनी निगाह होने  से आरपीएफ को सुरक्षा स्थिति को समझने में आसानी हो रही है। स्टेशन के भीतर के अलावा आरपीएफ बाहरी गतिविधि को कैद कर उत्पाती युवकों और असामाजिक तत्वों पर नकेल भी कस रहा है।

सीसीटीवी के माध्यम से स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी करने वाले बदमाशों को भी सबक सिखाने में आरपीएफ को आसानी हो रही है। इसके साथ ही प्लेटफार्म में महिलाओं के लिए आरक्षित सीटों में कब्जा करने वालों पर भी कैमरा देखकर कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता  है  कि प्लेटफार्म में कैमरे लगने की वजह से लोगों में अनुशासन भी दिख रहा है। साथ ही स्टेशन के भीतर बेवजह बैठे रहने वालों को भी समझाईश या फिर कार्रवाई की जा रही है।
बताया जाता है कि समूचे स्टेशन में सीसीटीवी लगने के बाद सुरक्षा संबंधी शिकायतों में कमी भी दिख रही है। स्टेशन के  मुख्य द्वार से लेकर अंदर और बाहर तक कैमरों से निगरानी कर आरपीएफ जवान सुरक्षा मामले में बिना देरी किए जहां कार्रवाई कर रहे है वही लोगों को नसीहत देकर संभलने का मौका भी दिया जा रहा है।  


अन्य पोस्ट