राजनांदगांव
आधा दर्जन विषयों पर नांदगांव निगम में बैठक जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 अप्रैल। शहर में संपत्तिकर बढ़ाने के निर्णय को लेकर उपजे विवाद के बीच मंगलवार को आधा दर्जन विषयों को लेकर आयोजित सामान्य सभा की बैठक में विपक्ष द्वारा संपत्तिकर में वृद्धि के निर्णय पर आपत्ति जताने के बाद महापौर मधुसूदन यादव ने अगली सामान्य सभा की बैठक में विधिवत रूप से इस विषय पर निर्णय लेने की घोषणा की।
नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने संपत्ति कर के मुद्दे को लेकर जमकर विरोध किया। इसके बाद सदन में सामान्य सभा अगली बैठक में निर्णय लेने का फैसला हुआ। विपक्ष ने आरोप लगाया कि सिर्फ राजनांदगांव नगर निगम में शहरी बाशिंदों पर अनावश्यक संपत्तिकर टैक्स बढ़ाने से आर्थिक बोझ डाला गया। राजनांदगांव शहर की जनता इस फैसले से नाखुश है। महापौर श्री यादव द्वारा विपक्ष की आपत्ति पर गंभीरतापूर्वक विचार करते निर्णय को अगले सामान्य सभा की बैठक में निर्णय लेने की सदन में घोषणा की।
पुराने मकान व भवनों को तोडक़र व्यावसायिक
परिसर निर्माण पर चर्चा
इधर बीते 8 अप्रैल को आधा दर्जन विषयों को सामान्य सभा की बैठक में शामिल करने की सूची पर सामान्य सभा में चर्चा जारी रहा। जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन की स्वीकृति, जाति प्रमाण पत्र, रानीअवंतीबाई लोधी प्रतिमा स्थल का नाम रानी अवंतीबाई चौक रखने, समेत जीर्णशीर्ण मकान व भवन को तोडऩे में पुत्री शाला भवन का स्लैब क्षतिग्रस्त एवं जर्जर होने के कारण तोडक़र व्यावसायिक परिसर निर्माण कराने, गुडाखू लाइन स्थित आयुर्वेदिक औषधालय का स्लैब क्षतिग्रस्त एवं जर्जर स्थिति होने के कारण तोडक़र व्यावसायिक परिसर निर्माण कराने, पुराना बस स्टैंड के गांधी भवन, टिकट घर, दुकानें एवं अन्य भवन क्षतिग्रस्त व जर्जर होने के कारण तोडक़र व्यावसायिक परिसर निर्माण कराने, फौव्वारा चौक में जर्जर फौव्वारा को तोडऩे, रामनगर स्थित जर्जर भवन को तोडऩे के संबंध में विचारार्थ, टाउनहाल परिसर जीई रोड किनारे व कस्तूरबा महिला मंडल रोड में निगम से लगी दुकानें क्षतिग्रस्त एवं जर्जर स्थिति में होने के कारण तोडक़र व्यावसायिक परिसर निर्माण समेत राजनांदगांव में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजनांतर्गत 2 हजार सीटर आडिटोरियम निर्माण कार्य के लिए टेंडर, गंज चौक से कन्हारपुरी, चिखली से गठुला नाला तक सडक़ चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए टेंडर में न्यूनतम दर की स्वीकृति तथा नार कन्हैया नाला से जिला अस्पताल तक नाला निर्माण के लिए अनुशंसा करने पर विचारार्थ जारी रहा।
दोपहर बाद भी चलती रही सामान्य सभा
नगर निगम में मंगलवार को आयोजित सामान्य सभा में संपत्तिकर समेत जर्जर मकान व भवनों को तोडक़र व्यावसायिक परिसर निर्माण, चौक का नामकरण करने, नाला निर्माण व सडक़ चौड़ीकरण विषय को लेकर दोपहर तक चर्चा चलती रही। इधर सामान्य सभा में भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के बीच कुछ विषयों को लेकर हंगामा की स्थिति भी बनती रही।


