राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 अप्रैल। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2026-27 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य 1 से 30 मई के मध्य प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा। उक्त कार्य के सफल क्रियान्वयन के लिए सर्वेश्वरदास स्कूल में 15 से 17 अपै्रल तक एवं 20 से 25 अपै्रल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रथम चरण के प्रशिक्षण 15 अपै्रल से फील्ड ट्रेनरों द्वारा दिया जा रहा है। 1 मई से प्रशिक्षण में घर-घर जाकर प्रगणक द्वारा मकान, परिवार, बिजली, पानी, वाहन, शौचालय सहित 33 सवाल पूछे जाएंगे। इस संबंध में प्रशिक्षकों द्वारा प्रगणकों व सुपरवाईजरों को विस्तार से जानकारी दी जा रही है। नगर निगम आयुक्त एवं नगर जनगणना अधिकारी अतुल विश्वकर्मा भी प्रशिक्षण में जनगणना के नियमों की जानकारी देकर कहा कि शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, चरणबद्ध तरीके से समय सारिणी अनुसार घर-घर जाकर जानकारी लेना है।
उन्होंने प्रशिक्षण में अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने कहा। 15 और 16 अप्रैल को अनुपस्थित कर्मचारियों को कार्य में उपस्थित नहीं होने पर जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के अंतर्गत निहित प्रावधानों के अनुरूप नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर जनगणना अधिनियमों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।


