राजनांदगांव
पार्षद हफीज ने बिजली व्यवस्था नहीं सुधरने पर दी आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 अप्रैल। गौरीनगर वार्ड में बदहाल विद्युत व्यवस्था को दुरूस्त करने की मांग लेकर पार्षद हफीज खान ने शुक्रवार को विद्युत मंडल का रूख किया। उन्होंने एक ज्ञापन देकर समस्या का निराकरण करने की मांग की। साथ ही व्यवस्था में सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक वार्ड पार्षद हफीज खान के नेतृत्व में आज विद्युत स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कार्पोरेशन लिमिटेड के सहायक यंत्री को लिखित तौर पर समस्या के संबंध में जानकारी देते बताया कि 20-25 दिनों से वार्ड में बिजली व्यवस्था पटरी से उतर गई है। इसके अलावा सडक़ की बत्तियां भी बंद पड़ी है। केबल बराल के चिपक जाने से बत्तियां नहीं जल रही है। ऐसे में वार्ड के लोगों को अंधेरे से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महादेव नगर में लो-वोल्टेज की समस्या से लोग त्रस्त है। भीषण गर्मी में नागरिकों का जीना दूभर हो गया है। गौरीनगर में लगाए गए ए-बी केबल जगह-जगह गर्म होने की वजह से जल रहे हैं। इस वजह से बिजली बंद हो रही है। पार्षद खान ने स्पष्ट तौर पर कहा कि उक्त मांगों पर फौरन विचार कर व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत है। समस्या का निराकरण नहीं होने पर उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान पूर्व पार्षद समद खान, अभिमन्यु मिश्रा, बाबा, हरीश यादव, मो. बशीर, राकेश नायक, महेन्द्र, विनोद, नवीन, अरूणेन्द्र समेत अन्य लोग शामिल थे।