राजनांदगांव
आरोपी भी मानसिक रोग का इलाज करने था भर्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 17 अप्रैल। देवादा स्थित सिम्हांस मेंटल हास्पिटल में एक रोगी की हत्या का आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी स्वयं मानसिक रोगी था और वह मृतक के बगल में ही अपना इलाज कराने के लिए भर्ती हुआ। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने गला दबाकर मृतक की हत्या की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक कामता प्रसाद बंजारे 42 साल निवासी ग्राम कांकेतरा जो 29 मार्च को सिम्हांस मेंटल अस्पताल देवादा में मानसिक रोग के ईलाज के लिए भर्ती हुआ था। 9 अप्रैल को रात्रि करीब 2 से 3 बजे के मध्य मृतक कामता प्रसाद बंजारे घायल अवस्था में अपने वार्ड में पड़ा हुआ था, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव लेकर गए थे। जिसकी मृत्यु हो गई है। मृतक को उसी वार्ड में भर्ती एक अन्य व्यक्ति द्वारा मारपीट कर उसकी हत्या किया गया है कि सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल निरीक्षण किया गया।
मामला गंभीर होने से एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन व एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी सोमनी निरीक्षक अरूण कुमार नामदेव के नेतृत्व में प्रकरण में गहन विवेचना कार्रवाई, साक्ष्य संकलन पूछताछ बाद मृतक कामता प्रसाद बंजारे की हत्या गला दबाकर आरोपी आत्माराम निर्मलकर 45 साल निवासी ग्राम संडी पंडरिया छुईखदान जिला केसीजी द्वारा करना पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर जिला जेल राजनांदगांव में निरूद्ध किया गया है।