राजनांदगांव
चिलचिलाती धूप से पब्लिक और स्टॉफ को रहेगी राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 16 अप्रैल। चिलचिलाती धूप के दौरान ट्रैफिक सिग्नल में खड़े होने की मजबूरी से यातायात विभाग ने राहत देते हुए दिन में 4 घंटे ट्रैफिक सिग्नल को बंद रखने का निर्णय लिया है।
शहर में आधा दर्जन से ज्यादा ट्रैफिक सिग्नल में चंद मिनटों में ही भीड़ जमा हो जाती है। ट्रैफिक सिग्नलों में शेड की कमी के चलते पलभर के लिए भी खड़ा होना कष्टदायक रहता है। शहर में दोपहर बाद सिग्नल में रूकने के लिए लोगों को धूप के चलते सोचना पड़ रहा है। ऐसे में अब पुलिस महकमे ने दोपहर 01 से 04 बजे तक सिग्नल बंद रखने का निर्णय लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक जबर्दस्त गर्मी से आमजनों को राहत देने के लिए सभी ट्रैफिक प्वाईंट के सिग्नल अब 4 घंटे के लिए गर्मी के सीजन में बंद रहेंगे। खासतौर पर यह व्यवस्था लोगों की परेशानी के मद्देनजर की गई है। चिलचिलाती धूप में खड़े होने के दौरान लोगों को गर्म हवाओं के थपेड़ों के साथ-साथ चूभती धूप को भी सहना पड़ रहा है। इसके साथ ही लोगों को कई तरह की परेशानी भी गर्मी के चलते हो रही है।
सिग्नल वाले स्थान में आवाजाही के दौरान दो मिनट ठहरना भी लोगों को भीषण गर्मी के चलते गंवारा नहीं है। इसी वजह से पुलिस महकमे ने 01 से 04 बजे तक नो-सिग्नल की घोषणा की है। 4 घंटों में ट्रैफिक सिग्नल में रूकने की बाध्यता भी खत्म हो गई।
यह व्यवस्था अस्थाई तौर पर किया गया है। बहरहाल लोगों को दोपहर के दौरान ट्रैफिक सिग्नल में रूकने से मुक्त किया गया है।
बंद ट्रैफिक सिग्नल में
सावधानी की अपील
यातायात विभाग ने 4 घंटे के लिए बंद रहने की अवस्था में ट्रैफिक सिग्नल प्वाईंट से गुजरने के दौरान लोगों से सम्हलकर चलने की अपील की है। ट्रैफिक बंद होने की स्थिति में चारों ओर से आवाजाही होती है। ऐसे में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने से हादसे होने का खतरा भी रहेगा। यातायात विभाग का कहना है कि ट्रैफिक सिग्नल में सावधानीपूर्वक वाहन चलाना जरूरी है। लोग हड़बड़ी में सिग्नल से गुजरने की कोशिश करते हैं। उनका यही प्रयास हादसे की वजह बनता है। राजनंादगांव शहर के भदौरिया चौक, ईमाम चौक, आरके नगर, स्टेशन चौक के अलावा बाहरी मार्गों में स्थित ट्रैफिक सिग्नलों में अक्सर हादसे हड़बड़ाहट की वजह से होते हैं। यातायात विभाग ने आम लोगों से सम्हलकर ट्रैफिक सिग्नल से गुजरने का आग्रह किया है।


