राजनांदगांव
16 से 30 अप्रैल तक जनगणना में देने होंगे सवालों के जवाब
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अप्रैल। 2011 के बाद कल 16 अप्रैल से छत्तीसगढ़ समेत राजनांदगांव में जनगणना शुरू होगी। करीब 16 साल बाद केंद्र सरकार जनगणना करा रही है। गणना में शामिल कर्मचारियों द्वारा लोगों से कई तरह के सवाल भी पूछे जाएंगे। 16 से 30 अप्रैल तक पहले दौर की जनगणना होगी।
बताया जा रहा है कि 16 से 30 अप्रैल तक जनगणना एक तरह से स्वजनगणना होगी। यानी लोगों को अपने मोबाइल या जनगणना निदेशालय की वेबसाईट पर फार्म भरना पड़ेगा। ऑनलाइन फार्म जमा होने पर वह जनगणना के दायरे में आ जाएंगे। इसके बाद एक मई से घर-घर गणनक दस्तक देकर जानकारी हासिल करेंगे। जनगणना निदेशालय ने एक प्रोफार्मा में 33 से ज्यादा सवाल अंकित किया है। गणना करने वाले कर्मचारी इसी आधार पर लोगों से जानकारी लेंगे। इस बीच जिले में जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण की तैयारी भी है। जनगणना के लिए 2200 शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है।
बताया जा रहा है कि जनगणना के दौरान मिली जानकारी के आधार पर रिकार्ड तैयार किया जाएगा। कर्मचारी हर घर में जाकर उनके बताए जानकारी को सूचीबद्ध करेंगे। बाद में इसे डिजिटली लॉक किया जाएगा। यानी जनगणना निदेशालय के पास सभी लोगों की एक विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी। हालांकि निदेशालय ने साफ किया है कि जनगणना में दिए गए ब्यौरे को पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। कोई भी एक-दूसरे की जानकारी हासिल नहीं कर सकता। इसके बाद एक मई से दूसरे दौर की जनगणना शुरू होगी। जिसमें घर-घर जाकर प्रगणनक को जानकारी लेनी होगी। बताया जा रहा है कि प्रगणक द्वारा मकान, परिवार, बिजली, पानी, वाहन एवं शौचालय समेत कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक को लोगों द्वारा जानकारी स्पष्ट तौर पर देनी होगी, ताकि उनका नाम जनगणना की सूची में शामिल किया जा सके। उधर राजनांदगांव जिले के अलावा मोहला-मानपुर और खैरागढ़ जिले में भी जनगणना का काम शुरू होगा।
बताया जा रहा है कि जनगणना के बाद नए सिरे से विकास संबंधी कार्य होंगे। जिसके लिए एक डिजिटल मैप तैयार किया जाएगा। सरकार ने जनगणना कराने के पीछे अपना एक उद्देश्य साफ कर दिया है। सरकार का मानना है कि जनगणना के बाद आर्थिक असमानता को लेकर भी स्थिति साफ होगी। जिले में जनगणना के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। इसके लिए नोडल अधिकारी के रूप में अनिकेत साहू की नियुक्ति की गई है। बहरहाल कल से राजनांदगांव जिले में जनगणना की पहले चरण में लोगों को स्वगणना करना होगा।
जगनणना के लिए प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए प्रगणक
जनगणना 2026-27 के लिए मकान सूचीकरण का कार्य आगामी 1 से 30 मई 2026 के मध्य प्रगणकों एवं सुपरवाईजरों द्वारा घर-घर जाकर किया जाएगा। इसके लिए आज 15 अप्रैल से 3 दिवसीय प्रशिक्षण सर्वेश्वरदास नगर पालिक निगम स्कूल में प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण सुबह 9.30 से शाम 5.30 बजे तक रखा गया है।


