राजनांदगांव
बालोद रोड के सिंघोला में हादसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 अप्रैल। राजनांदगांव-बालोद रोड स्थित सिंघोला में बीती रात को एक डंपर के चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। पत्नी को लेकर केवाईसी कराने गए ग्रामीण जब काम पूरा होने के बाद अकेले बाइक से लौट रहा था तो राजनांदगांव से बालोद की ओर जा रही डंपर ने ग्रामीण को रौंद दिया। कुछ महिलाओं के साथ पैदल घर वापसी होने के चलते पत्नी हादसे का शिकार होने से बच गई। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया। सुरगी पुलिस चौकी में दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक सिंघोला के रहने वाले महेन्द्र साहू अपनी पत्नी को लेकर गांव में ही शाम को केवाईसी कराने के लिए एक च्वाईस सेंटर गए थे। शाम लगभग 8.30 बजे ग्रामीण महेन्द्र साहू अकेले बाइक से घर के लिए निकला, इसी बीच राजनांदगांव से देवरी की ओर जा रही डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर ही बाइक चालक की मौत हो गई। उधर पत्नी को कुछ महिलाओं का साथ मिल गया और वह पैदल घर के लिए निकली, जिस वजह से पत्नी हादसे से बच गई।
इस संबंध में सुरगी पुलिस चौकी प्रभारी ढाल सिंह ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि मौके पर ही मृतक की जान चली गई। डंपर चालक फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर डंपर चालक की पतासाजी की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सडक़ में हुए इस दर्दनाक हादसे में जख्मी मृतक को अस्पताल पहुंचाने के लिए 112 में संपर्क किया गया, लेकिन वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि वक्त पर एम्बुलेंस की सुविधा मिल जाती तो ग्रामीण को बचाया जा सकता था।


