राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 अप्रैल। थाना बसंतपुर पुलिस ने फर्जी मैरिज ब्यूरो के माध्यम से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ‘लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो ’ के नाम से फर्जी कार्यालय संचालित कर रहे थे। गिरोह के सदस्य इंटरनेट से युवतियों की तस्वीरें डाउनलोड कर फर्जी आईडी बनाते थे और इन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर बड़ी रकम वसूल कर धोखाधड़ी की जाती थी।
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें ताम्रध्वज मानिकपुरी (23 वर्ष), निवासी पाण्डातराई, जिला कबीरधाम, सियाराम साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम जंगलपुर, थाना पाण्डातराई, जिला कबीरधाम, सृष्टि गोस्वामी (21 वर्ष), निवासी ममता नगर, राजनांदगांव है।
इनमें से दो आरोपियों को कबीरधाम जिले से और एक को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया गया।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
इस प्रकरण में इससे पहले मुख्य संचालक नेहा पाठक और डायरेक्टर धर्मेंद्र मानिकपुरी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि इस तरह की ठगी से बचने के लिए लोग सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।