राजनांदगांव

अफसरों ने किया पेंड्री के बहुमंजिला आवासों का निरीक्षण
11-Apr-2026 4:33 PM
अफसरों ने किया पेंड्री के बहुमंजिला आवासों का निरीक्षण

नाला किनारे निवासरत परिवारों को पीएम आवास में रहने किया प्रेरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अप्रैल।
शासन की महती योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निगम सीमा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर बहुमंजिला आवास का निर्माण किया गया है, जहां पात्र हितग्राहियों को नगर निगम द्वारा नियमानुसार आबंटित किया जा रहा है। उन्हीं आवासों में से पेंड्री में निर्मित आवासों का निरीक्षण करने अपर कलेक्टर सीएल  मारकंडे एवं नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने आवास संबंधी अधिकारियों के साथ संयुक्त दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री मारकंडे ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों को देख उसके निर्माण के संबंध में चर्चा कर निर्माण एवं गुणवत्ता की प्रशंसा करते आवासों में व्यवस्थापन अंतर्गत शहर के चिन्हाकित झुग्गी क्षेत्र में निवासरत परिवारों को सर्व सुविधायुक्त आवास उपलब्ध कराने तथा उनके जीवन स्तर को सुधारने के प्रयास के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा करते  कहा कि अच्छे वातावरण में रहने से जीवन स्तर में बदलाव आते हैं और उनके परिवार का भविष्य संवरता है।
उन्होंने नवनिर्मित बहुमंजिला आवासों में किस प्रकार की सुविधा और कैसे उपलब्ध कराई जाएगी, उसकी जानकारी देते क्रमागत बिजली पानी एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं के संबंध में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि निर्मित एवं निर्माणाधीन आवास में व्यवस्थापन अंतर्गत एवं किरायेदार के रूप मे निवासरत जरूरतमंद गरीब परिवारों को अलग-अलग घटक के तहत विधिवत प्रक्रिया कर पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार आवास आबंटित किया जाता है।

अपर कलेक्टर श्री मारकंडे एवं आयुक्त श्री विश्वकर्मा निगम की टीम के साथ गौरवपथ के निकट नार कन्हैया नाला के किनारे अवैध रूप से अतिक्रमण कर झुग्गी झोपड़ी में निवासरत परिवारों से आवास लेने प्रेरित करने व्यक्तिगत चर्चा कर उन्हें आवास के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें मात्र 75000 रुपए के आसान किस्तों में आवास उपलब्ध कराया जाएगा। आयुक्त ने उन्हें बताया कि 75000 रुपए में से आंशिक राशि मात्र 10000 रुपए की  अग्रिम अदायगी देकर वे आवास अपने नाम से पंजीकृत कर सकते हैं तथा शेष राशि उन आवास में रहते 23 किस्तों में प्रदान करना होगा।

इस संबंध में श्री मारकंडे ने कहा कि झुग्गी झोपड़ी में निवास करने से बारिश के दिनों में परेशानी होती है, इसके अलावा अवैध रूप से रहने से हटाने का डर भी रहता है, जिसे ध्यान में रखकर शासन की आवास योजना का लाभ लेकर अपने स्वयं के आवास में रहने का सपना साकार कर सकते हैं। निगम द्वारा पेंड्री, रेवाडीह, लखोली, मोहारा क्षेत्र में बहुमंजिला सर्वसुविधायुक्त आवास का निर्माण किया गया है। जिसके आबंटन के लिए निगम में आवेदन कर सकते हैं।


अन्य पोस्ट