राजनांदगांव
फार्मासिस्ट को कलेक्टर ने लगाई फटकार, दवाइयों को व्यवस्थित रखने दिए निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अप्रैल। मोहला-मानपुर-अं. चौकी कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने गुरुवार को मानपुर विकासखंड के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर कार्यों की जानकारी ली। अनुविभागीय कार्यालय मानपुर पहुंचकर उन्होंने राजस्व प्रकरणों, भू-अर्जन से प्रभावित कृषकों को मुआवजा वितरण, सीमांकन, पेड़ कटाई के पश्चात स्थल चयन एवं पौधरोपण की जानकारी ली।
उन्होंने बैठक पंजी संधारित करने तथा बेहतर कार्य निष्पादन हेतु कर्मचारियों के बीच कार्य विभाजन करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों पर विशेष ध्यान देते कहा कि लोगों की समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम मानपुर अमितनाथ योगी, सीएमएचओ एसआर मांडवी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।
कलेक्टर ने खाद्य शाखा का निरीक्षण किया और खाद्य निरीक्षक से भंडारण एवं चावल उत्सव के संबंध में जानकारी ली। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई तथा पीडीएस दुकानों से नियमित रिपोर्ट प्राप्त करने हेतु मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए। जिससे खाद्य भंडारण की सटीक स्थिति की जानकारी मिल सके।
उन्होंने तहसील कार्यालय मानपुर एवं खडग़ांव पहुंची। उन्होंने सीएससी सेंटर में उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली और नागरिकों को आधार अपडेट एवं सुधार संबंधी सुविधाओं के प्रति जागरूक की। निर्वाचन शाखा में साफ-सफाई के अभाव पर नाराजगी व्यक्त करते तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते सभी कक्षों में कक्ष संख्या एवं शाखा का नाम प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व प्रकरणों की अद्यतन जानकारी लेते समय-सीमा में निराकरण, लेखा पंजी संधारण तथा दौरा रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम को नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम को व्यवस्थित रखने एवं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
कार्यालय परिसर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने नोटरी स्थल पर शेड की समुचित व्यवस्था एवं शौचालय निर्माण के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधा मिल सके। खडग़ांव तहसील में निरीक्षण के दौरान उन्होंने नामांतरण, सीमांकन, खाता विभाजन सहित अन्य लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी ली तथा कार्यों के बेहतर निष्पादन एवं ई.ऑफिस के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पशु चिकित्सालय खडग़ांव भी पहुंची। उन्होंने उपलब्ध दवाइयों की जानकारी ली तथा उपस्थिति पंजी, एआई रजिस्टर एवं ओपीडी रजिस्टर का अवलोकन किया।
संबंधित अधिकारियों द्वारा वैक्सीनेशन एवं औषधि वितरण की जानकारी दी गई। लंबे समय से डॉक्टर की अनुपस्थिति पाए जाने पर कलेक्टर ने उनके विरुद्ध कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
मोबाइल एम्बुलेंस लंबे समय से खराब, जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खडग़ांव पहुंचीं। उन्होंने उपचार हेतु आई गर्भवती महिला से चर्चा की। महिला ने बताया कि वह प्रारंभिक जांच के लिए केंद्र आई है। इस पर कलेक्टर ने समय पर जांच कराने एवं उचित खानपान बनाए रखने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान बाइक एम्बुलेंस लंबे समय से खराब पाई गई,जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही पूर्व में अनुपस्थित फार्मासिस्ट को फटकार लगाते दवाइयों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए और भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने वीसी कक्ष के स्थानांतरण के भी निर्देश दिए।