राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 अप्रैल। गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू 3 असामाजिक तत्वों के विरूद्ध कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते जेल भेज दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को कोतवाली थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टांकापारा गौरीनगर रोड के पास आने-जाने वाले लोगों को अकारण गाली-गलौज कर रहे आरोपी ईशू यादव को पुलिस टीम द्वारा समझाइश दी गई। समझाइश के बाद भी आरोपी और अधिक उत्तेजित होकर मारपीट पर उतारू हो गया। जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई और शांति व्यवस्था प्रभावित हुई।
इसी तरह बैगापारा लखोली में आरोपी विशाल बांसफोड और वासुदेव बैरागी द्वारा बेवजह विवाद कर गाली-गलौज करते मारपीट की धमकी दी जा रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस पेट्रोलिंग टीम के साथ भी आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। जिससे लोक शांति भंग होने की प्रबल संभावना बनी। पुलिस ने आरोपी ईशू यादव 19 वर्ष निवासी गौरीनगर, विशाल बांसफोड़ 19 वर्ष निवासी बैगापारा लखोली एवं वासुदेव बैरागी 26 वर्ष निवासी राजीव नगर लखोली को गिरफ्तार किया। उक्त आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु न्यायालय के आदेशानुसार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।


