राजनांदगांव
नगदी, मोबाइल व वाहन जब्त
राजनांदगांव, 10 अप्रैल। मिनी स्टेडियम में जुआ खेलने वाले आधा दर्जन से अधिक जुआरियों को सुरगी पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार जुआरियों से पुलिस ने नगदी रकम व मोबाइल एवं वाहन जब्त किया।
मिली जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल को रात्रि देहात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम सिंघोला मिनी स्टेडियम में कुछ व्यक्ति ताश पत्ती से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते चौकी प्रभारी सुरगी निरीक्षक ढाल सिंह साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मौके पर दबिश दी गई। रेड कार्रवाई के दौरान 9 जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से नगदी रकम 7330 रुपए, 8 मोबाइल फोन कीमती 95500, 7 मोटर साइकिल कीमती 5 लाख रुपए कुल जुमला राशि 6 लाख 2 हजार 830 रुपए को जब्त किया।
गिरफ्तार जुआरियों में यशवंत यादव (26) निवासी संजय नगर लखोली, मिथिलेश हिरवानी (48) निवासी सिंघोला, संदीप साहू 28 वर्ष निवासी सिंघोला, शेखर साहू 22 वर्ष निवासी सिंघोला, संजू साहू 27 वर्ष निवासी सिंघोला, शैलेंद्र साहू 30 वर्ष निवासी सिंघोला, तामेश्वर साहू 29 वर्ष निवासी सिंघोला, प्रमोद साहू 39 वर्ष निवासी लखोली एवं रवि जैन 29 वर्ष निवासी सिंघोला शामिल हैं। उक्त आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 03 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
साथ ही आरोपियों के विरुद्ध पृथक से धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई करते माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष प्रस्तुत किया गया।


