राजनांदगांव
ई-आफिस में काम संपादित करने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अप्रैल। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बुधवार को नगर निगम सभागृह में नगर निगम के सभी विभागों के कर्मचारियों की बैठक लेकर कार्यालयीन समय में उपस्थित होकर आधार बेस उपस्थिति लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकांश कर्मचारी अभी भी आधार बेस उपस्थिति नहीं लगा रहे हैं। शासन के निर्देशानुसार सभी को उपस्थिति लगाना अनिवार्य है, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन नहीं किया है, वे तत्काल रजिस्ट्रेशन कराएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुविधा के लिए निगम के सभी कार्यालयों, तकनीकी शाखाओं में पाईंट तैयार किया गया है। सफाई कर्मियों के लिए भी क्षेत्र अनुसार पाईट बनाया गया है। जिसके आधार पर सभी कर्मचारी आधार बेस उपस्थिति लगाना सुनिश्चित करेंगे अन्यथा आगामी माह में बिना आधार बेस उपस्थिति के वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि सभी कर्मचारी सुबह निर्धारित समय में प्रार्थना में उपस्थित होना सुनिश्चित करें, कुछ कर्मचारियों की लंच के बाद देर से आने की शिकायत प्राप्त होती है, जो कि गलत है। निर्धारित समय तक कार्यालय में उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वाहन करें, समय पर काम नहीं करोगे तो काम पूरा नहीं होगा और दूसरा काम आ जाएगा, इसीलिए समय पर कार्यों का संपादन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अधिकांश कर्मचारी राष्ट्रीय पर्व के अलावा निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रमों तथा कर्मचारी अधिकारी के सेवानिवृत्त बिदाई समारोह में सूचना के बाद भी उपस्थित नहीं रहते, जो कि कार्य के प्रति लापरवाही है। भविष्य में कार्यक्रमों में उपस्थित नहीं होने की स्थिति में वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आयुक्त ने शासन के निर्देशानुसार ई-आफिस के माध्यम से कार्य संपादित करने कहा, क्योकि शासन द्वारा मेनुअल काम बंद करने की तैयारी है, कार्यालय के सभी कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से किया जाएगा। इस संबंध में कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसी प्रकार शासन की आई-गॉट कर्मचोगी योजना के संबंध में जानकारी देते कहा कि यह एक ट्रेनिंग प्रोग्राम है और सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ट्रेनिंग लेना है। छोटे-छोटे प्रोग्राम निर्धारित है, जिसकी 30 अपै्रल तक सभी को ट्रेनिंग करना है। ट्रेनिंग के पश्चात सर्टिफीकेट डाउनलोड करना है, आगामी माह में इस संबंध में जानकारी ली जाएगी, क्योंकि इसके आधार पर सीआर भी लिखा जाएगा। इसके लिए प्रशिक्षित कर्मचारी से सहयोग लेकर कार्य करें।
आयुक्त ने कहा कि आगामी मई माह से चल रहे जनगणना कार्य में गति आएगी। शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य को समझकर सभी को गंभीरता से काम करना है, अनावश्यक कोई भी कर्मचारी अवकाश में नहीं रहेगा, विभागीय प्रधान इस संबंध में मानिटरिंग कर जनगणना कार्य का सुचारू संपादन कराएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण होना है, उसमें भी सभी को योगदान देकर सहभागी बनना है। अपने घर एवं आसपास के लोगों को स्वच्छता से जोड़ फिटबेक लेना है। बैठक में सभी विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।


