राजनांदगांव

7 दुकानों से 32 लाख का कबाड़ जब्त
09-Apr-2026 5:44 PM
7 दुकानों से 32 लाख का कबाड़ जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 9 अप्रैल।
राजनांदगांव जिले में लगातार चोरी के सामानों की अवैध रूप से खरीदी-बिक्री की शिकायत के मामले में पुलिस ने जिले के अलग-अलग पुलिस थाना व चौकी क्षेत्र के 7 कबाड़ी दुकानों में दबिश देकर लगभग 32 लाख रुपए का कबाड़  जब्त किया। उक्त कार्रवाई में जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना कोतवाली, सोमनी एवं चौकी चिखली स्टॉफ शामिल थे। उक्त कार्रवाई से कबाड़ी का कारोबार करने वालों में हडक़ंप की स्थिति है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में 7 अप्रैल को 7 विशेष टीम राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में गठित कर पुलिस चौकी चिखली, कोतवाली थाना और सोमनी थाना क्षेत्र के 7 कबाड़ी दुकानों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई की गई।  

पुलिस ने पुलिस चौकी चिखली क्षेत्र के खैरागढ़ रोड स्थित सफीक खान उर्फ बैगा कबाड़ी के यार्ड में, जिसे शेख शहबाज द्वारा संचालित किया जाना पाया गया। जिसमें रेड कार्रवाई के दौरान मौके पर टीन का ड्रम, पुरानी साइकिल टीन शीट, लोहे का आलमारी, मिनी ट्रक में लोहे का भरा हुआ सामान कुल वजन 17210 किलोग्राम कीमत लगभग 11 लाख रुपए का सामान मौके पर जब्त किया। उक्त कार्रवाई पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव मंजुलता बाज एवं चौकी चिखली की पुलिस टीम द्वारा की गई।

वहीं चौकी चिखली क्षेत्र के एलपीजी गैस गोदाम के पास स्थित मोहम्मद इमरान खान  निवासी चिखली वार्ड नं. 5 के यार्ड में रेड कार्रवाई करने पर अलग-अलग 27 नग चार पहिया वाहनों के नंबर प्लेट,  14 नग पुरानी वाहनों के इंजन, चेसिस, ट्रैक्टर के पाट्र्स, पुराना व्हील चक्का 120 नग, साइलेंसर पाइप आदि कार एवं वाहनों की सामग्री एवं उपकरण जब्त किया गया। जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपए पाई गई।  उक्त टीम उप निरीक्षक राकेश पटेल चौकी चिखली द्वारा कार्रवाई की गई।
 

कंचनबाग, ममता नगर, लखोली व कैलाश नगर में दबिश-इधर कोतवाली थाना क्षेत्र के कंचनबाग चौक लखोली स्थित मोहम्मद सलीम 56 वर्ष के कबाड़ी दुकान में रेड़ कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोहे का स्क्रैप, लोहे का छड़, लोहे का एंगल प्लेट, जर्मन तार, ट्रैक्टर डिस्क, पुरानी साइकिल एवं लोहे के एंगल, बैटरी का सेल आदि लोहे का सामान जब्त किया गया। जिसकी कुल कीमत लगभग 75 हजार रुपए पाई गई। उक्त कार्रवाई नगर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव वैशाली जैन एवं निरीक्षक सत्यानारायण देवांगन तथा कोतवाली थाना स्टाफ  द्वारा की गई।
 इसी थाना क्षेत्र के ममता नगर स्थित रफीक के कबाड़ी दुकान में रेड़ कार्रवाई कर मौके से घरेलू सिलेंडर एवं कामर्शियल सिलेंडर, लोहे का राड एवं अन्य सामग्री बरामद कर जब्त किया गया।  उक्त कार्रवाई निरीक्षक रमेश पटेल थाना प्रभारी लालबाग, निरीक्षक मिलन सिंह थाना प्रभारी कोतवाली एवं अन्य स्टाफ  द्वारा की गई। इधर लखोली के खैरा रोड़ कन्हारपुरी स्थित मोहम्मद अनीश 30 वर्ष निवासी राहुल नगर के कबाड़ी दुकान पर कार्रवाई कार्रवाई में  लोहे का पाइप, वाहनों का नंबर प्लेट, लोहे का एंगल, खाली गैस सिलेंडर, लोहे का चैनल आदि सामान कुल लगभग 500 किलोग्राम कीमत लगभग एक लाख रुपए जब्त किया गया।  उक्त पुलिस टीम का नेतृत्व आदित्य कुमार थाना प्रभारी डोंगरगांव द्वारा थाना कोतवाली के सहायक स्टाफ  के साथ किया गया। वहीं कैलाश नगर स्थित मुस्ताक बीबा 23 वर्ष द्वारा संचालित कबाड़ी दुकान में पुलिस टीम द्वारा रेड कार्रवाई किए जाने पर उक्त स्थल से एल्युमिनियम के पाइप व दरवाजा, डीजल एवं पानी पंप का इंजन, लोहे का वाइब्रेटर मशीन, ट्रक के प्रेशर ब्रेक जैसे विभिन्न लोहे एवं एल्युमिनियम के सामान एवं उपकरण मौके पर बरामद हुए, जिन्हें विधिवत जब्त किया गया। उक्त सामान की कीमत लगभग एक लाख रुपए है।  उक्त कार्रवाई के लिए गठित पुलिस टीम का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव वैशाली जैन एवं थाना कोतवाली पुलिस स्टाफ  द्वारा किया गया।

 15 लाख का कबाड़ी सामान जब्त-इधर सोमनी थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई स्थित अल्ताफ  हुसैन  67 वर्ष निवासी पोलसाय पारा दुर्ग के यार्ड में रेड कार्रवाई पर यार्ड के भीतर ट्रक  में ट्रक के अंदर भरा हुआ लोहे का विभिन्न सामान पाइप, एंगल, राड, छड़, नट.बोल्ट, विभिन्न वाहनों के डिस्क, रिंग, लोहे के पाट्र्स, गाडिय़ों का नंबर प्लेट, मोटर साइकिल का साइलेंसर, लोहे का राड कीमत लगभग 15 लाख रुपए की जब्त की कार्रवाई की गई। उक्त पुलिस टीम का नेतृत्व निरीक्षक भूषण चंद्राकर चौकी प्रभारी सुकुलदहान थाना लालबाग एवं थाना सोमनी के पुलिस स्टाफ  द्वारा किया गया।
 मिली जानकारी के अनुसार इस प्रकार पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में कुल 7 स्थानों पर किए गए रेड कार्रवाई के दौरान लगभग 32 लाख रुपए की संपत्ति जब्त करने में महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की गई।  
उपरोक्त कार्रवाई में जिला राजनांदगांव के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना कोतवाली, सोमनी एवं चौकी चिखली के स्टाफ  शामिल रहे।


अन्य पोस्ट