राजनांदगांव

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड नागपुर से गिरफ्तार
19-Apr-2026 11:18 PM
ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का मास्टरमाइंड नागपुर से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 अप्रैल।
हाईटेक ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का मास्टर माइंड को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया। सांई ऐप बनवाकर सट्टे की आईडी बेचने वाला मुख्य फरार आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहारा नाला के पास संचालित हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पूर्व में खुलासा कर 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सादिक खान 34 वर्ष निवाासी मानकापुर पागलखाना चौक थाना मानकापुर जिला नागपुर महाराष्ट्र जो सांई ऐप में सट्टा आईडी बनाकर बेचता था, को नागपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
आरोपी सांई ऐप में सट्टा आईडी एवं पासवर्ड संचालित करने के बदले 5 से 10 हजार रुपए तक वसूलता था। आरोपी पिछले लगभग 2 वर्ष से ऑनलाइन सट्टे के लिए सांई ऐप में आईडी एवं पासवर्ड संचालित करने का काम कर रहा था। एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में साइबर सेल राजनांदगांव एवं थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम द्वारा 6 अप्रैल को आईपीएल क्रिकेट सट्टे के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई करते हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का खुलासा किया गया था।

इस दौरान आधा दर्जन आरोपी वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन, लक्की उर्फ  नरेन्द्र देवांगन एवं मूलचंद प्रजापति को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, चार्जर, नगदी रकम एवं सट्टा-पट्टी सहित लगभग 5 लाख 50 हजार रुपए मूल्य की सामग्री जब्त कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। प्रकरण के मुख्य फरार  आरोपी सादिक खान की लगातार पतासाजी की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके नागपुर में होने की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के विशेष निर्देश पर थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त टीम गठित कर आरोपी की तलाश में रवाना किया गया।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को नागपुर से हिरासत में लेकर राजनांदगांव लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह सांई ऐप में सट्टा आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध कराने के नाम पर 5 से 10 हजार रुपए तक लेता था तथा ऐप में तकनीकी त्रुटि आने पर उसे ठीक करने के नाम पर 2 से 3 हजार रुपए फोन-पे एवं क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त करता था। आरोपी के कब्जे से एप्पल कंपनी का 01 नग मोबाइल जब्त किया गया है। इस मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 151/2026 धारा 6, 7, 8 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम तथा 318(4), 112(2) भारतीय न्याय संहिता एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध है। आरोपी को गिरफ्तार कर  न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया।
 


अन्य पोस्ट