राजनांदगांव

ट्रक से चना चोरी, 4 बंदी
09-Apr-2026 4:18 PM
ट्रक से चना चोरी, 4 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 9 अप्रैल। गंज मंडी परिसर में खड़ी ट्रक में लोड 5 कट्टा चना की चोरी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी गए 5 कट्टा चना और घटना में प्रयुक्त 2 नग मोटर साइकिल को जब्त किया। प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बसंतपुर थाना क्षेत्र के प्रार्थी रौनक जैन निवासी सदर बाजार राजनांदगांव ने रिपोर्ट दर्ज कराया कि 5 अप्रैल को उनके ट्रक में चालक संतोष साहू द्वारा चना लोडकर तिरपाल व रस्सी से बांधकर ट्रक को मंडी परिसर के टीन शेड में खड़ा किया गया था। 6 अप्रैल को सुबह लगभग 6 बजे चालक द्वारा ट्रक चेक करने पर देखा गया कि ट्रक के पीछे की ओर से तिरपाल खुला हुआ था तथा जमीन पर चना बिखरा पड़ा था। पुन: वजन कराने पर लगभग 300 किलोग्राम चना कम पाया गया। किसी अज्ञात चोर द्वारा ट्रक से चना का कट्टा चोरी कर लिया गया था। रिपोर्ट पर थाना बसंतपुर में धारा 331(4), 305, 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में टीम गठित कर घटनास्थल के आसपास एवं शहर के चौक-चौराहों में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। संदेह के आधार पर आरोपी शरद यादव 21 वर्ष निवासी वार्ड नं. 46 क्लब चौक बसंतपुर, बाबू मरकाम उर्फ  शशि 21 वर्ष निवासी वार्ड नं. 43 शिकारीपारा महामाया चौक,  देवेन्द्र राजपूत 18 वर्ष निवासी वार्ड नं. 46 क्लब चौक बसंतपुर एवं उमेश विश्वकर्मा  26 वर्ष निवासी वार्ड नं. 46 बाजार चौक बसंतपुर  को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिस पर आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी शरद यादव के कब्जे से 5 कट्टा चना (लगभग 250 किलोग्राम) कीमत 17 हजार रुपए को बरामद किया। आरोपी देवेन्द्र राजपूत के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल जब्त की गई। आरोपी बाबू मरकाम उर्फ  शशि के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की गई।

आरोपियों को  गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर जेल भेजा गया। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है।


अन्य पोस्ट