राजनांदगांव
10 को दोबारा होगी हिन्दी की परीक्षा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 8 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड की गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण जिलेवार कर दिया है। जिले में परीक्षा सामग्री कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंच गई है। आज से राजस्व अफसरों और जिला चिकित्सालय की मौजूदगी में सामग्री का वितरण होगा। आगामी 10 अप्रैल को हिन्दी की परीक्षा आयोजित की गई है।
गौरतलब है कि 14 मार्च को 12वीं बोर्ड की हिन्दी के पर्चे लीक हो गए थे। इस कारण परीक्षा को रद्द करना पड़ा। बोर्ड ने 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा लेने के लिए तरीख तय की थी। इसी कड़ी में शुक्रवार को तय समय पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। एक जानकारी के मुताबिक जिले के 88 परीक्षा केंद्रों में हिन्दी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। केंद्राध्यक्षों को परीक्षा के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है।
मास्टर ट्रेनर द्वारा परीक्षा संचालन गोपनीयता और नई गाईड लाइन के साथ अन्य आवश्यक जानकारी प्रशिक्षण के दौरान केंद्राध्यक्षों को दी गई है। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान रखने के लिए जानकारी दी गई। अफसरों को नए नियमों के तहत कार्य करने की सलाह दी गई है।
प्रशिक्षण से पहले अन्य जानकारियों में केंद्राध्यक्षों को सतर्कता रखने और अन्य गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने कहा गया है। 12वीं हिन्दी विषय का प्रश्नपत्र केंद्राध्यक्षों के हवाले किया गया है, लेकिन बंडल थानों में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा के एक दिन पहले केंद्राध्यक्षों को पर्चों को सौंप दिया जाएगा। गोपनीय सामग्री को परिवहन विभाग की मदद से थाना में पहुंचा दिया गया है।
10 अप्रैल को परीक्षा प्रारंभ होगी। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा उडऩदस्ता का गठन कर दिया गया है। जिले में दोबारा हिन्दी की परीक्षा होने को लेकर परीक्षार्थियों में काफी नाराजगी थी। वजह यह है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा के लिए दोबारा तैयारी करनी पड़ी। इस वजह से सभी तनाव भी महसूस कर रहे थे।


